आईआईटी कानपुर के SATHEE ने देहरादून में आयोजित किया करियर काउंसलिंग एवं जागरूकता सत्र
देहरादून, 18 अगस्त। शिक्षा मंत्रालय के सहयोग से आईआईटी कानपुर द्वारा संचालित SATHEE पहल के तहत मंगलवार को पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजपुर रोड स्थित SATHEE केंद्र में ‘PRAGATI 2026’ करियर काउंसलिंग एवं जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। दो घंटे के इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को करियर के अवसरों, उभरती तकनीकों, व्यक्तिगत विकास और भविष्य की चुनौतियों को लेकर मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में DRDO के डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स एप्लीकेशन लेबोरेटरी (DEAL) के निदेशक डॉ. मनोज कुमार ढाका मुख्य अतिथि तथा उत्तराखंड भारतीय चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष डॉ. जे.एन. नौटियाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के विद्यार्थियों के साथ संवाद से हुई। इस दौरान छात्राओं ने अटल टिंकरिंग लैब में तैयार किए गए विभिन्न मॉडल एवं प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए। अतिथियों ने विद्यार्थियों के नवाचार और परियोजनाओं की सराहना की। इसके बाद दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के सम्मान का कार्यक्रम हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती प्रेमलता बौराई ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. मनोज कुमार ढाका ने कहा कि सफलता के लिए दृढ़ संकल्प बेहद जरूरी है। परिस्थितियां और संसाधन अनुकूल न होने के बावजूद इच्छाशक्ति और मेहनत के बल पर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने अटल टिंकरिंग लैब के प्रोजेक्ट्स की सराहना करते हुए कहा कि कई मॉडल वास्तविक जीवन की समस्याओं से जुड़े हुए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, अंतरिक्ष एवं अंडरवाटर टेक्नोलॉजी जैसे उभरते क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं से भी अवगत कराया।
डॉ. ढाका ने विद्यार्थियों को तकनीक के सकारात्मक इस्तेमाल के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि एआई को दुश्मन नहीं, बल्कि मित्र के रूप में देखें और इसका उपयोग रचनात्मक एवं उत्पादक कार्यों के लिए करें। उन्होंने प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में अलग पहचान बनाने के लिए ‘आउट ऑफ द बॉक्स’ सोच विकसित करने पर भी जोर दिया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. जे.एन. नौटियाल ने विद्यार्थियों को जीवनशैली, आत्म-अनुशासन, इच्छाशक्ति और व्यक्तित्व विकास के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानते हुए निरंतर स्वयं को बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ तनाव प्रबंधन, आत्म-जागरूकता और मजबूत व्यक्तित्व विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अतिथियों से करियर विकल्पों, नई तकनीकों और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े सवाल पूछे। डॉ. मनोज कुमार ढाका ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का जवाब देते हुए उन्हें अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप करियर का चुनाव करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती प्रेमलता बौराई ने कहा कि PRAGATI 2026 का उद्देश्य छात्राओं को स्कूल के बाद उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों की स्पष्ट जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों से सीधा संवाद विद्यार्थियों को अपने भविष्य के संबंध में बेहतर और सूचित निर्णय लेने में मदद करता है।
कार्यक्रम के अंत में SATHEE मित्र शितिज ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके बाद अतिथियों, विद्यालय के प्रतिनिधियों और विद्यार्थियों के साथ सामूहिक फोटो के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

