देहरादून

कार्मिक हितों के लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए यूपीसीएल प्रबंध निदेशक ने अवकाश के दिन बुलाई विशेष बैठक

देहरादून, 23 अगस्त 2026। उपभोक्ता सेवा एवं कार्मिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक ने मानव संसाधन अनुभाग में लंबित कार्मिक मामलों के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए रविवार, 23 अगस्त 2026 को अवकाश के दिन विशेष बैठक आयोजित की।

बैठक में मानव संसाधन अनुभाग के अधिकारियों ने कार्मिकों से जुड़े विभिन्न लंबित प्रकरणों की जानकारी प्रबंध निदेशक के समक्ष प्रस्तुत की। इस दौरान अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) श्री आर. जे. मलिक ने कार्मिकों से संबंधित प्रमुख मुद्दों और प्रकरणों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।

प्रबंध निदेशक ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों से प्रत्येक प्रकरण की विस्तार से जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्मिकों से जुड़े मामलों के निस्तारण में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए प्राथमिकता एवं समयबद्धता के आधार पर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्यों की प्रगति पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

प्रबंध निदेशक ने कहा कि अवकाश के दिन विशेष बैठक आयोजित करने का उद्देश्य लंबित मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी लाना और कार्मिकों से जुड़े प्रकरणों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है।

बैठक के दौरान मानव संसाधन अनुभाग के अधिकारियों ने लंबित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति से प्रबंध निदेशक को अवगत कराया तथा प्रकरणवार आवश्यक कार्रवाई के संबंध में दिशा-निर्देश प्राप्त किए।

उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने दोहराया है कि वह कार्मिक हितों से जुड़े मामलों के त्वरित, पारदर्शी एवं नियमानुसार निस्तारण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।