देहरादून

मुख्यमंत्री के निर्देश पर मिलावटखोरों पर शिकंजा, देहरादून में 21 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गए

देहरादून, 25 अगस्त। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में देहरादून जिला प्रशासन ने मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीमों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों, डेयरियों और मिठाई की दुकानों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान कुल 21 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संकलित किए गए, जबकि विकासनगर में करीब तीन किलोग्राम बासी और अत्यधिक रंगयुक्त लड्डू मौके पर ही नष्ट कराए गए।


जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा एवं उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह के नेतृत्व में देहरादून नगर निगम क्षेत्र के चकराता रोड और घंटाघर क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
कार्रवाई के दौरान बीकानेरवाला से मावा, रबड़ी, केसर पेड़ा और मक्खन के नमूने लिए गए। वहीं हल्दीराम से सफेद रसगुल्ला, स्वीट लस्सी और प्लेन बर्फी तथा कुमार स्वीट शॉप से काजू बर्फी एवं कलाकंद सहित कुल नौ नमूने जांच के लिए भेजे गए।


विकासनगर में भी सघन जांच, बासी लड्डू नष्ट
उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार के नेतृत्व में विकासनगर क्षेत्र की डेयरियों और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया गया। संदेह के आधार पर खुला पनीर, मावा, बेसन बर्फी, मिल्क केक और कलाकंद समेत कुल नौ नमूने जांच के लिए लिए गए।


निरीक्षण के दौरान एक दुकान पर करीब तीन किलोग्राम बासी एवं अत्यधिक रंगयुक्त लड्डू पाए गए, जिन्हें खाद्य सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
मसूरी में चाय, बेसन और पनीर के नमूने लिए
मसूरी क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान चाय, खुला बेसन और पनीर के तीन नमूने लिए गए। इस प्रकार देहरादून जनपद में मंगलवार को चलाए गए अभियान के दौरान कुल 21 खाद्य नमूने जांच के लिए संकलित किए गए हैं।
अभियान में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह, तहसीलदार विकासनगर विवेक रजौरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर संजय तिवारी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश संतोष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
जिला प्रशासन ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।