वरिष्ठ पत्रकार विश्वजीत नेगी बने भाजपा प्रदेश प्रवक्ता, आठ नए चेहरों को मिली जिम्मेदारी
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी, उत्तराखंड ने अपनी प्रदेश प्रवक्ताओं की टीम का विस्तार करते हुए विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी और प्रभावशाली चेहरों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति से आठ नेताओं को प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।
प्रदेश प्रवक्ताओं की नई सूची में वरिष्ठ पत्रकार एवं स्टेट प्रेस क्लब अध्यक्ष विश्वजीत नेगी को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और जनसरोकारों से जुड़े विषयों की गहरी समझ को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव से पार्टी को मीडिया और जनसंवाद के क्षेत्र में नई मजबूती मिलेगी।
भाजपा द्वारा जारी आधिकारिक सूची में नव नियुक्त प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ उनके संबंधित जिलों का भी उल्लेख किया गया है। सूची के अनुसार श्री रविन्द्र जुगरान और श्री शादाब शम्स देहरादून महानगर, श्री राजेश शुक्ला ऊधमसिंह नगर, श्री सुरेश तिवारी नैनीताल, श्रीमती अनुकृति गुसाईं और श्री विश्वजीत नेगी कोटद्वार, श्री सत्यवीर चौहान देहरादून ग्रामीण तथा श्री मनोज जखमोला ऋषिकेश से संबंधित हैं।
भाजपा ने प्रदेश प्रवक्ताओं की इस नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय चेहरों को स्थान दिया है। इनमें पूर्व राज्यमंत्री एवं राज्य आंदोलनकारी श्री रविन्द्र जुगरान, श्री राजेश शुक्ला, श्री सुरेश तिवारी, श्री शादाब शम्स, श्रीमती अनुकृति गुसाईं, श्री सत्यवीर चौहान और श्री मनोज जखमोला शामिल हैं।
पार्टी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि प्रदेश अध्यक्ष की सहमति के उपरांत प्रदेश प्रवक्ताओं की सूची का विस्तार किया गया है। नई नियुक्तियों को संगठन की संवाद व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच भाजपा संगठन और सरकार की नीतियों तथा उपलब्धियों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए अपनी टीम को मजबूत कर रही है। नई प्रवक्ता टीम के माध्यम से पार्टी जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात मजबूती से रखने के साथ ही संगठन की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाने का प्रयास करेगी।
विश्वजीत नेगी समेत सभी नव नियुक्त प्रदेश प्रवक्ताओं को नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने बधाई दी है।
