तंबाकू के दुष्प्रभावों को लेकर एसजीआरआर विश्वविद्यालय में जागरूकता कार्यशाला
छात्र-छात्राओं ने पोस्टर और रंगोली प्रतियोगिता में लिया हिस्सा, विश्वविद्यालय को किया गया तंबाकू मुक्त घोषित
देहरादून, 10 सितंबर। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इंजीनियरिंग में जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ, कार्यालय मुख्य चिकित्साधिकारी, देहरादून की ओर से तंबाकू के दुष्प्रभावों को लेकर कॉलेज जागरूकता कार्यक्रम एवं कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा एवं विश्वविद्यालय की डीन डॉ. सोनिका कंडारी ने किया। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ने छात्र-छात्राओं को तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से शरीर पर पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी बेहद घातक है। हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाली बीमारियों के कारण अपनी जान गंवाते हैं। उन्होंने कहा कि तंबाकू कंपनियां अपने पुराने उपभोक्ताओं को खोने के बाद किशोरों, बच्चों और युवाओं को नए ग्राहक
बनाने के लिए विज्ञापन और विभिन्न आकर्षक तरीकों का इस्तेमाल करती हैं।
उन्होंने युवाओं से तंबाकू कंपनियों की इस रणनीति को समझने और किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पाद से दूर रहने का आह्वान किया।
जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की मनोवैज्ञानिक डॉ. अनुराधा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से तंबाकू सेवन से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अपनी सहभागिता निभाई।

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों के लिए तंबाकू के दुष्प्रभावों पर पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की ओर से पुरस्कृत किया गया। वहीं, प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
एसजीआरआर विश्वविद्यालय बना तंबाकू मुक्त
कार्यक्रम के दौरान COTPA अधिनियम एवं तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान गाइडलाइन के अनुरूप श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय को तंबाकू मुक्त विश्वविद्यालय घोषित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर को तंबाकू मुक्त बनाए रखने और विद्यार्थियों को तंबाकू से दूर रखने के लिए जागरूकता गतिविधियों को निरंतर जारी रखने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की डीन डॉ. सोनिका कंडारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, कॉलेज फैकल्टी सहित जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ से डॉ. अनुराधा (मनोवैज्ञानिक), श्रीमती अर्चना उनियाल, रेखा उनियाल एवं अनुराग उनियाल उपस्थित रहे।
