दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए निशुल्क सहायक उपकरण शिविर 26-27 सितंबर को
देहरादून, 11 सितंबर। समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी कार्य कर रहे हर्षल फाउंडेशन एवं अमर उजाला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए निशुल्क सहायता एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर 26 एवं 27 सितंबर को अग्रवाल धर्मशाला, गांधी रोड, देहरादून में आयोजित होगा।
शिविर में जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता एवं नाप के अनुसार कृत्रिम हाथ-पैर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही व्हीलचेयर, ट्राई साइकिल, बैसाखी, चश्मे तथा सुनने की मशीन सहित विभिन्न सहायक उपकरण भी निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
शिविर में दिव्यांगजनों को दिव्यांग पहचान पत्र, सरकारी सहायता, बैंक ऋण, कौशल विकास कार्यक्रमों एवं रोजगार के अवसरों से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा पात्र लोगों के दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा भी शिविर में रहेगी। दिव्यांग प्रमाण पत्र की सुविधा केवल जनपद देहरादून के निवासियों के लिए उपलब्ध होगी।
आयोजकों के अनुसार शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें सभी सेवाएं और सहायक उपकरण पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। देहरादून से बाहर से आने वाले जरूरतमंद प्रतिभागियों के लिए रहने एवं भोजन की व्यवस्था भी निशुल्क की जाएगी।
शिविर में पंजीकरण एवं अधिक जानकारी के लिए इन मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है—
कल्पना अग्रवाल: 99270 06973
हिमांशु परिहार: 78957 20584
रमा गोयल: 78953 78323
निधि गर्ग: 79837 89020
आयोजकों ने समाज के लोगों से अपील की है कि वे जरूरतमंद दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों तक इस शिविर की जानकारी पहुंचाएं और उन्हें इसका लाभ दिलाने में सहयोग करें।
“यदि साथ है तो सब कुछ संभव है” इसी बीज मंत्र के साथ हर्षल फाउंडेशन एवं अमर उजाला फाउंडेशन ने समाज के सभी वर्गों से इस सेवा कार्य को सफल बनाने में सहयोग का आह्वान किया है।
