Crimeदेहरादून

देहरादून में हुड़दंगियों पर एसएसपी की सख्ती, थार चालक समेत तीन हिरासत में

बल्लूपुर-चकराता रोड पर तेज रफ्तार में थार चलाने और सनरूफ से निकलकर स्टंट करने का वीडियो हुआ था वायरल

देहरादून, 12 सितंबर 2026। सोशल मीडिया पर वायरल हुए हुड़दंग और खतरनाक स्टंट के वीडियो का संज्ञान लेते हुए देहरादून पुलिस ने कार्रवाई की है। बल्लूपुर-चकराता रोड पर तेज रफ्तार और लापरवाही से महिंद्रा थार चलाने तथा वाहन की सनरूफ से बाहर निकलकर सिगरेट पीते हुए स्टंट करने के मामले में पुलिस ने वाहन चालक समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। संबंधित थार को भी एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में 11-12 सितंबर 2026 की देर रात करीब 1:25 बजे बल्लूपुर-चकराता रोड पर एक ब्लैक कलर की महिंद्रा थार को सार्वजनिक मार्ग पर तेजी और लापरवाही से चलाते हुए दिखाया गया था। वाहन में सवार दो युवतियां सनरूफ से बाहर निकलकर सिगरेट पीते हुए हुड़दंग और स्टंट करती नजर आ रही थीं।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से न केवल वाहन सवारों की जान खतरे में पड़ती है, बल्कि सार्वजनिक मार्ग पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
एसएसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। वीडियो की जांच के दौरान वाहन का नंबर UK-07-HN-7668 सामने आया।
इसके बाद पुलिस ने वाहन के संबंध में जानकारी जुटाकर 12 सितंबर को वाहन चालक और वाहन में सवार दो युवतियों को हिरासत में लिया। उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने संबंधित महिंद्रा थार को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया।
सीज वाहन का विवरण
महिंद्रा थार, ब्लैक कलर
वाहन संख्या: UK-07-HN-7668
वाहन चालक
सोनू कुमार पुत्र श्याम सिंह, निवासी 205 ब्राह्मण मोहल्ला, थाना रायपुर, देहरादून।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक मार्गों पर तेज रफ्तार, खतरनाक ड्राइविंग और स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।