देहरादून

उत्तराखंड में पहली बार फिल्म पुरस्कार 2024-25 का आयोजन

स्थानीय फिल्मों, कलाकारों और तकनीकी प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान, 16 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन

देहरादून, 16 सितंबर 2026। उत्तराखंड में फिल्म निर्माण और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद की ओर से प्रदेश में पहली बार उत्तराखंड फिल्म पुरस्कार-2024 एवं 2025 का आयोजन किया जा रहा है। पुरस्कारों के माध्यम से उत्तराखंड में निर्मित एवं फिल्मांकित फिल्मों के साथ-साथ कलाकारों, तकनीशियनों और फिल्म विधा से जुड़े रचनात्मक प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने के लिए प्रयासरत है। इसी दिशा में उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत पहली बार राज्य स्तरीय फिल्म पुरस्कारों की शुरुआत की जा रही है।

16 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन

उत्तराखंड फिल्म पुरस्कार-2024 एवं 2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 सितंबर से 16 अक्टूबर 2026 तक किए जा सकेंगे। पुरस्कारों के लिए वर्ष 2024 और 2025 में उत्तराखंड में निर्मित अथवा फिल्मांकित फिल्मों को शामिल किया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के साथ-साथ उत्तराखंड के कलाकारों, निर्देशकों, लेखकों, तकनीशियनों और अन्य फिल्म प्रतिभाओं को एक प्रतिष्ठित मंच उपलब्ध कराना है।

फिल्म क्षेत्र से जुड़े इच्छुक प्रतिभागी निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पुरस्कारों से संबंधित पात्रता, श्रेणियों, आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी संबंधित आधिकारिक दिशा-निर्देशों में उपलब्ध कराई गई है।

उत्तराखंड में पहली बार आयोजित होने जा रहे इन फिल्म पुरस्कारों को प्रदेश की स्थानीय फिल्म प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और राज्य के फिल्म उद्योग को नई दिशा देने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।