HealthSGRRदेहरादून

एसजीआरआरयू में छात्रों के समग्र स्वास्थ्य विकास पर प्रेरणादायी कार्यक्रम

मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, पोषण और योग पर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव

DEHRADUN,|17|09|2026|

Umashankar kukreti🖋️
देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) के आईक्यूएसी सेल के सहयोग से छात्रों के स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर एक दिवसीय काउंसलिंग एवं मोटिवेशनल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन, पोषण और योग से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सोनिया गंभीर, डायरेक्टर आईक्यूएसी, वरिष्ठ मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. मोहन ध्यानी, मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. निशांत सिन्हा, डीन योगा एंड नेचुरोपैथी डॉ. कंचन जोशी, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. मालविका कांडपाल तथा डायटीशियन प्रीति ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
वरिष्ठ मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. मोहन ध्यानी ने कॉलेज जीवन में छात्रों के सामने आने वाले मानसिक तनाव, परीक्षा के दबाव और तनाव प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तनाव को समय रहते पहचानना और उसका उचित प्रबंधन करना जरूरी है। भावनात्मक परेशानियों को दबाने के बजाय परिवार, शिक्षकों अथवा मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से संवाद करने की सलाह उन्होंने छात्रों को दी।


डॉ. निशांत सिन्हा ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और गंभीर बीमारियों से बचाव को लेकर छात्रों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि युवावस्था में अपनाई गई स्वस्थ आदतों का भविष्य के स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। तंबाकू एवं अन्य हानिकारक पदार्थों से दूरी, संतुलित आहार और नियमित शारीरिक गतिविधि को उन्होंने स्वास्थ्य संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण बताया।
डॉ. कंचन जोशी ने मन, शरीर और भावनाओं के बीच संतुलन बनाए रखने में योग, प्राणायाम और ध्यान की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास एकाग्रता, आत्मअनुशासन और मानसिक शांति को बढ़ावा देने में सहायक हो सकता है। उन्होंने छात्रों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
वहीं डायटीशियन प्रीति ने संतुलित एवं पौष्टिक खानपान के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को नियमित समय पर भोजन करने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा फल, सब्जियों और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने की सलाह दी। साथ ही अनियमित खानपान और अत्यधिक जंक फूड के सेवन को कम करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने छात्रों के साथ संवाद किया और स्वास्थ्य से जुड़ी उनकी विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय की सैकड़ों छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का संचालन मिस सिमरन अग्रवाल ने किया, जबकि समन्वय मिस आयुषी आहलूवालिया ने किया।

Photo gallery