सोमेश्वर में विधायक चैंपियंस ट्रॉफी के समापन समारोह में पहुंचीं खेल मंत्री रेखा आर्या, खिलाड़ियों को किया सम्मानित
खेल मंत्री ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, कहा- युवा देश का भविष्य; ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे लाना सरकार की प्राथमिकता
सोमेश्वर (अल्मोड़ा), 20 सितंबर 2026। प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या रविवार को सोमेश्वर स्थित सोमनाथ ग्राउंड पहुंचीं, जहां उन्होंने विधायक चैंपियंस ट्रॉफी के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
इस दौरान खेल मंत्री ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों को सम्मानित किया।

रेखा आर्या ने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाना प्राथमिकता
खेल मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और उनमें खेलों के प्रति रुचि भी बढ़ती है।

उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों, आयोजकों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है। खिलाड़ियों को इससे घबराने के बजाय दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से खेलों के साथ-साथ शिक्षा और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने का आह्वान किया।
अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में प्रतियोगिताएं
विधायक चैंपियंस ट्रॉफी के तहत अंडर-14 बालक एवं बालिका तथा अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें विभिन्न खेलों को शामिल किया गया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता मोहन दौसाद, मंडल अध्यक्ष सुंदर राणा, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष दलीप रौतेला, जिला युवा कल्याण अधिकारी डीएन कांडपाल, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी राजा यादव, खंड विकास अधिकारी केसर सिंह बिष्ट, ब्लॉक समाज कल्याण अधिकारी रविंद्र कोहली सहित विभागीय अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता, प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।

