ऋषिकेश

ऋषिकेश में कूड़ाघर हटाने की मांग पर निकली रैली में हंगामा, पुलिस से धक्का-मुक्की

20 नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, महिला पुलिसकर्मियों से अभद्रता और कूड़ा फेंकने का आरोप

ऋषिकेश, 5 नवंबर। गुमानीवाला स्थित कूड़ाघर को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग को लेकर निकाली गई रैली के दौरान बुधवार को हंगामा हो गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न होने के बाद ऋषिकेश पुलिस ने 20 नामजद सहित कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर को कूड़ाघर संघर्ष समिति गुमानीवाला की ओर से लालपानी, गुमानीवाला से विधायक कैंप कार्यालय, बैराज रोड तक बिना अनुमति रैली निकाली गई। रैली में करीब 300 से 400 लोग शामिल थे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल और तहसीलदार ऋषिकेश तैनात थे।

पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने बैरियर तोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने अपने साथ लाया गया घरेलू कूड़ा पुलिसकर्मियों पर फेंका और गाली-गलौच की। पुलिस ने इसे सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला बताया है। पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई।

मामले में देवेंद्र बेलवाल, दिनेश चंद्र मास्टर जी, लालमणि रतूड़ी, राजेंद्र गैरोला, उषा चौहान, संदीप भंडारी, हिमांशु रावत, रंजीत थापा, हिमांशु पंवार, रमजान, संजय सिलस्वाल, राजेंद्र गुनसोला, मुकेश भट्ट, रीना रांगड़ निवासी रूसा फार्म, परवीन सजवान निवासी गंगानगर, सतीश रावत पूर्व प्रधान भट्टोवाला, लाल सिंह बोरा एवं सुधीर राय सहित अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132, 221, 191(2) और 190 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

ऋषिकेश पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपनी मांगों को शांतिपूर्ण एवं वैधानिक तरीके से उठाएं और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।