दिल्लीदेहरादून

दिल्ली महारैली में गरजे गणेश गोदियाल, बोले— भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा

‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में उत्तराखंड से हजारों कांग्रेसजनों ने किया प्रतिभाग, केंद्र और धामी सरकार पर साधा निशाना

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में रविवार, 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में उत्तराखंड से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भागीदारी की। महारैली में कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों, महंगाई और लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर जोरदार विरोध दर्ज कराया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने रैली की सफलता पर उत्तराखंड से दिल्ली पहुंचे पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के नेतृत्व में आयोजित इस महारैली ने केंद्र सरकार को जनता का संदेश दे दिया है।


गोदियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों के चलते महंगाई लगातार बढ़ रही है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों ने आम आदमी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, जबकि सरकार अपने चहेते उद्योगपतियों को लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा।

उत्तराखंड की धामी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विपक्षी नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मामले में न्याय और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग आज भी प्रदेश की जनता के सामने एक बड़ा सवाल है। उन्होंने इस प्रकरण से जुड़े आरोपी दुष्यंत कुमार को राज्यपाल बनाए जाने के फैसले पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे प्रदेशवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है।

गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की अस्मिता और सम्मान से जुड़ा विषय है। उन्होंने प्रदेशवासियों से इस लड़ाई में एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उत्तराखंड से दिल्ली महारैली में शामिल होने जा रहे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उत्तर प्रदेश में पुलिस ने सरकार के दबाव में रास्ते में रोक दिया। उन्होंने इसे शांतिपूर्ण राजनीतिक गतिविधियों और लोकतांत्रिक अधिकारों के विरुद्ध बताया।


गोदियाल ने विश्वास जताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता के समर्थन से लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा की लड़ाई निर्णायक मुकाम तक पहुंचेगी। अंत में उन्होंने महारैली को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी वरिष्ठ नेताओं, जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों, ब्लॉक अध्यक्षों, अग्रिम संगठनों और हजारों कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।