SGRRSportsदेहरादून

एसजीआरआर विश्वविद्यालय के खेलोत्सव-2026 का रंगारंग समापन, मैनेजमेंट एंड कॉमर्स स्टडीज बना ओवरऑल चैंपियन

छह दिवसीय खेल महाकुंभ में हजारों विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम, 15 खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) की छह दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता ‘खेलोत्सव-2026’ का सोमवार को विश्वविद्यालय खेल मैदान में रंगारंग समापन हुआ। 28 अक्टूबर से 02 नवंबर तक आयोजित इस खेलोत्सव में विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों के हजारों छात्र-छात्राओं ने 15 खेल स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सर्वाधिक पदक अर्जित कर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स स्टडीज ने ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की।

समापन समारोह का शुभारंभ गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति के साथ हुआ। छात्राओं की भक्तिमय प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद म्यूजिक विभाग के विद्यार्थियों ने जोश और उमंग से भरपूर गीतों की प्रस्तुति देकर समारोह को यादगार बना दिया।

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने खेलोत्सव-2026 के सफल आयोजन पर सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रतिभागियों, आयोजकों और विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी।

समारोह के मुख्य अतिथि कुलपति विपिन चन्द्र घिल्डियाल ने कहा कि खेलोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ प्रतिस्पर्धा, सहयोग और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करता है। शिक्षा के साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को संतुलित और बहुआयामी बनाती है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को शैक्षणिक और खेल दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार डॉ. सोनिका कंडारी ने कहा कि खेलोत्सव में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी विश्वविद्यालय की जीवंत और अनुशासित शैक्षणिक संस्कृति को दर्शाती है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी विभागों, फैकल्टी सदस्यों और विद्यार्थियों की सराहना की।

खेलोत्सव-2026 के सचिव एवं विश्वविद्यालय के खेल अधिकारी सत्य प्रकाश जोशी ने खेल रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए प्रतियोगिताओं का विस्तृत विवरण दिया। उन्होंने कहा कि खेलोत्सव केवल पदक और ट्रॉफी जीतने का मंच नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जो जीतता है, वह प्रेरणा बनता है और जो हारता है, वह सीखता है।

खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 100 मीटर फर्राटा दौड़ के बालक वर्ग में स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के अंशुल बिष्ट ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स स्टडीज की पूजा विजेता रहीं।

200 मीटर रिले दौड़ के बालक वर्ग में स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज की टीम ने जीत दर्ज की, जबकि बालिका वर्ग में स्कूल ऑफ नर्सिंग की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।

800 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स स्टडीज तथा बालिका वर्ग में स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी ने बाजी मारी।

क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज और स्कूल ऑफ योगिक साइंस एंड नेचुरोपैथी के बीच खेला गया। इसमें स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज ने 25 रनों से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।

वहीं फैकल्टी क्रिकेट का फाइनल मुकाबला श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के पथरी बाग कैंपस और पटेल नगर कैंपस के बीच खेला गया। इसमें डॉ. अरुण कुमार के शानदार हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत एसजीआरआर पटेल नगर कैंपस ने फाइनल ट्रॉफी अपने नाम की।

समापन अवसर पर डॉ. पुनीत ओहरी, चेयरपर्सन खेलोत्सव-2026 ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, फैकल्टी सदस्यों और आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन आकृति रावत ने किया।

इस अवसर पर डॉ. गणराजन, डॉ. आशीष कुलश्रेष्ठ, डॉ. राजेन्द्र नेगी, डॉ. मंजुषा त्यागी सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य, छात्र-छात्राएं एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

 PHOTO GALLERY