पत्रकारों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दो बड़ी घोषणाएं, मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या और पेंशन राशि बढ़ेगी
देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित दीपावली महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत कर पत्रकारों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए प्रदेश में तहसील, जिला एवं राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाने तथा पत्रकारों की पेंशन राशि में वृद्धि करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और समाज तथा सरकार के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। आम जनता की समस्याओं को शासन तक पहुंचाने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने में पत्रकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है। पत्रकारों से मिलने वाले सुझाव और फीडबैक शासन-प्रशासन को अधिक जवाबदेह एवं जनहितकारी बनाने में मदद करते हैं। बदलते दौर में डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया ने पत्रकारिता के सामने नई संभावनाएं और चुनौतियां दोनों खड़ी की हैं। ऐसे में फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं के बीच तथ्यों पर आधारित निष्पक्ष एवं विश्वसनीय पत्रकारिता की जिम्मेदारी और बढ़ गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता एवं आवासीय सुविधाओं के लिए सरकार विभिन्न स्तरों पर प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि पत्रकार कल्याण कोष की धनराशि 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये की गई है। अब पत्रकार पेंशन की राशि में भी वृद्धि की जाएगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मीडिया सेंटरों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और प्रेस क्लबों को मजबूत बनाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। सरकार पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए आगे भी सकारात्मक कदम उठाती रहेगी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय सिंह राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

मुख्य घोषणाएं
- तहसील, जिला एवं प्रदेश स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
- पत्रकारों की पेंशन राशि में वृद्धि की जाएगी।

