UPCLदेहरादून

RE-SAF 2026 में उत्तराखंड का शानदार प्रदर्शन, विशेष श्रेणी के राज्यों में मिला दूसरा स्थान

उपराष्ट्रपति ने भारत मंडपम में राज्य को किया सम्मानित, नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में प्रदेश ने स्थापित किया नया कीर्तिमान

देहरादून। नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उत्तराखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE) की ओर से संचालित रिन्यूएबल एनर्जी स्टेट असेसमेंट फ्रेमवर्क (RE-SAF) 2026 के तहत उत्तराखंड ने विशेष श्रेणी के राज्यों में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर गुरुवार, 5 नवंबर को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित समारोह में भारत के माननीय उपराष्ट्रपति ने उत्तराखंड को प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

भारत मंडपम में 2 से 5 नवंबर तक आयोजित भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो 2026 के समापन समारोह में उत्तराखंड की ओर से प्रमुख सचिव (ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा) डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) एवं पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (PTCUL) के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी तथा उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (UJVNL) के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने यह सम्मान प्राप्त किया।

RE-SAF के अंतर्गत राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रदर्शन का मूल्यांकन नवीकरणीय ऊर्जा के विकास, नीतिगत एवं नियामकीय व्यवस्था, विद्युत ग्रिड में नवीकरणीय ऊर्जा के एकीकरण की तैयारी तथा आधारभूत ढांचे की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर किया जाता है।

इस राष्ट्रीय उपलब्धि को मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और सतत मार्गदर्शन का परिणाम बताया गया है। राज्य सरकार तथा ऊर्जा क्षेत्र के विभिन्न उपक्रमों के सामूहिक प्रयासों से नवीकरणीय ऊर्जा को प्रोत्साहन देने, ग्रिड एकीकरण की क्षमता मजबूत करने और स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा विकास की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

उत्तराखंड को मिला यह सम्मान प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इससे राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता और प्रगति को नई पहचान मिली है।

यूपीसीएल ने स्वच्छ, हरित, विश्वसनीय एवं सतत ऊर्जा व्यवस्था के विकास में अपना योगदान निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है।