DIPRदेहरादून

मुख्यमंत्री आवास पर प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में रात्रिभोज, लोकसंस्कृति की दिखी भव्य झलक

मुख्यमंत्री धामी ने कहा– प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश की पहचान और गौरव, उनके अनुभव व सामर्थ्य से विकास को मिलेगी नई दिशा

नंदा राजजात की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने मोहा मन, मुख्यमंत्री ने प्रवासियों से प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी का किया आह्वान

देहरादून, 13 नवंबर। तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के समापन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर देश के विभिन्न राज्यों एवं क्षेत्रों से आए प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में भव्य रात्रिभोज का आयोजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रवासियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनसे संवाद किया और उत्तराखण्ड के विकास में उनके योगदान की सराहना की।

प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश की पहचान और गौरव : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी केवल प्रदेश से बाहर रहकर विभिन्न क्षेत्रों में सेवाएं देने वाले लोग नहीं हैं, बल्कि वे उत्तराखण्ड की संस्कृति, परंपराओं और पहचान के सशक्त संवाहक भी हैं। वे जहां भी रहते हैं, अपनी मातृभूमि की सांस्कृतिक विरासत और जीवन मूल्यों को अपने साथ लेकर चलते हैं। ऐसे आयोजन राज्य और प्रवासी समाज के बीच भावनात्मक संबंधों को और मजबूत बनाते हैं।

नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना जरूर

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और आध्यात्मिक चेतना से है। प्रदेश से बाहर रहने वाली नई पीढ़ी को भी अपनी भाषा, बोली, लोकगीतों, लोकनृत्यों और परंपराओं से परिचित कराना आवश्यक है। प्रवासी उत्तराखण्डी अपनी अगली पीढ़ी को जड़ों से जोड़ने के साथ देवभूमि की विशिष्ट पहचान को देश-दुनिया में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

विकास में प्रवासियों की भागीदारी को बताया महत्वपूर्ण

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड को विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। इस लक्ष्य को हासिल करने में प्रवासी उत्तराखण्डियों की प्रतिभा, अनुभव, विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सरकार चाहती है कि प्रवासी अपने ज्ञान एवं अनुभव का लाभ प्रदेश के युवाओं, उद्यमियों और स्थानीय समुदायों तक पहुंचाएं।

पैतृक गांवों के विकास में योगदान देने की
अपील

मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांवों से जुड़े रहने और उनके विकास में योगदान देने को मातृभूमि के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताया। उन्होंने गांवों को गोद लेकर विकास कार्यों में सहयोग करने वाले प्रवासियों की पहल की सराहना की। कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार, स्थानीय आजीविका के अवसर बढ़ाने और रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित करने में सहायक होंगे।

नंदा राजजात की प्रस्तुति ने किया मंत्रमुग्ध

मुख्यमंत्री आवास में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत की शानदार झलक देखने को मिली। पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्तराखण्डमय बना दिया।
विशेष रूप से मां नंदा देवी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता और उत्तराखण्ड की विशिष्ट परंपरा नंदा राजजात पर आधारित भव्य प्रस्तुति ने उपस्थित प्रवासियों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस प्रस्तुति में देवभूमि की आस्था, लोकविश्वास, परंपरा और सांस्कृतिक एकता का सुंदर चित्रण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा राजजात जैसी परंपराएं हमारी आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, सामूहिकता और सांस्कृतिक गौरव की प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से लोकसंस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है। राज्य सरकार उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिबद्ध है।

गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति

मुख्यमंत्री ने सभी प्रवासी उत्तराखण्डियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि वे प्रदेश के साथ अपना आत्मीय जुड़ाव बनाए रखेंगे और विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, प्रसिद्ध अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।