ऋषिकेशदेहरादून

विधायक निधि से 7 आंगनबाड़ी केंद्रों को मिली आवश्यक सामग्री, डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने किया वितरण

ऋषिकेश, 15 नवंबर 2026।

ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने रायवाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक निधि से सात आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आवश्यक सामग्री वितरित की। इस पहल का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और उनके सुचारु संचालन को प्रोत्साहित करना है।

इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए प्लास्टिक टेबल, कुर्सियां, अलमारी, ट्रंक, वजन मशीन, एल्युमिनियम के पतीले, 8 लीटर के कुकर, प्लास्टिक हॉर्स सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के उत्थान के साथ-साथ महिलाओं और बच्चों के कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समाज के अंतिम छोर तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ महिलाओं एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का सराहनीय कार्य कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों को आवश्यक सुविधाओं और संसाधनों से सुसज्जित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी दिशा में विधायक निधि के माध्यम से केंद्रों को जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी जनहित और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

इस अवसर पर अनीता पोखरियाल, गीता देवी, मीरा, शांति देवी, सुनीता सेमवाल, गायत्री देवी, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, प्रतीतनगर ग्राम प्रधान राजेश जुगलान, रायवाला ग्राम प्रधान सागर गिरी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत, श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चमन पोखरियाल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।