पौड़ी

लोक संस्कृति की छटा बिखेरकर संपन्न हुआ बैकुंठ चतुर्दशी मेला, स्थानीय प्रतिभाएं हुईं सम्मानित

अंतिम दिवस हास्य कलाकार संदीप छिलबट ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब गुदगुदाया

पौड़ी। मंडल मुख्यालय पौड़ी से सटी गगवाड़स्यूं घाटी के सिद्धपीठ देवलेश्वर महादेव मंदिर, बलोड़ी परिसर में आयोजित पांच दिवसीय 11वें बैकुंठ चतुर्दशी मेले का मंगलवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ भव्य समापन हुआ। मेले के अंतिम दिन लोक संस्कृति, संगीत और हास्य की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

समापन समारोह में लोक गायक गिरीश सनवाल, स्थानीय गढ़वाली अभिनेता गौरव गैरोला, उभरती कलाकार तनुप्रिया सुंदरियाल एवं उनकी टीम ने शानदार प्रस्तुतियां देकर समां बांधा। वहीं हास्य कलाकार संदीप छिलबट ने अपने चुटीले व्यंग्य और हास्य से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं तथा क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं वर्तमान जिला पंचायत सदस्य शांति देवी, अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल परमेंद्र कुमार बिष्ट तथा उपायुक्त खाद्य सुरक्षा राजेंद्र सिंह रावत ने संयुक्त रूप से किया।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला गगवाड़स्यूं घाटी की लोक सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष रहते हुए भी उन्हें इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने का सौभाग्य मिला था और भविष्य में भी वह इस आयोजन में सहभागिता करती रहेंगी।

अपर निदेशक परमेंद्र कुमार बिष्ट ने उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति के संरक्षण में नई पीढ़ी की भागीदारी को सराहनीय बताया। वहीं उपायुक्त खाद्य सुरक्षा राजेंद्र सिंह रावत ने स्थानीय पारंपरिक खानपान को संरक्षित करने तथा सुरक्षित खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
इस अवसर पर उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2026 में हाईस्कूल के मेधावी छात्र आयुष कुमार और महक, जबकि इंटरमीडिएट के शिवांश बड़थ्वाल और ताप्ति थपलियाल को सम्मानित किया गया।
मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा और मेला संयोजक जगत किशोर बड़थ्वाल ने बताया कि वर्ष 2016 में शुरू हुए इस मेले का आयोजन क्षेत्र के 34 गांवों के ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से किया जा रहा है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनसहभागिता के बल पर यह मेला हर वर्ष अधिक भव्य और दिव्य स्वरूप ले रहा है।

इस मौके पर थानेश्वर महादेव समिति के अध्यक्ष जगमोहन डांगी, राहुल तड़ियाल, अनिल बहुगुणा, अजय रावत, पौड़ी के कनिष्ठ प्रमुख नीरज पटवाल, मंदिर के पुजारी एवं कथावाचक सुधीर बर्त्वाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन मंदिर समिति के सचिव जगत किशोर बड़थ्वाल एवं नागेंद्र जुगराण ने संयुक्त रूप से किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नागेंद्र जुगराण ने प्रस्तुत किया।
रिपोर्ट: जगमोहन डांगी