राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन से हिंदुस्तानी पसमांदा मंच के प्रदेश संयोजक फैयाज अहमद ने की शिष्टाचार भेंट
देहरादून। हिंदुस्तानी पसमांदा मंच के प्रदेश संयोजक फैयाज अहमद ने लोक भवन, देहरादून में उत्तराखंड के महामहिम राज्यपाल श्री डॉ. ढाल सिंह बिसेन से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया तथा उत्तराखंड के राज्यपाल बनने पर शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
इस दौरान देश एवं प्रदेश में पसमांदा समाज की स्थिति, उत्थान, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक भागीदारी और राष्ट्रहित में समाज की भूमिका को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
फैयाज अहमद ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2014 के बाद पसमांदा समाज को विशेष रूप से अपने संबोधनों एवं विचारों में स्थान दिया है। प्रधानमंत्री लगातार समाज के मुद्दों को उठाते हुए उनके विकास, उत्थान, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में कार्य कर रहे हैं। देश और उत्तराखंड प्रदेश में पसमांदा समाज के कल्याण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
शिष्टाचार भेंट के दौरान राज्यपाल डॉ. बिसेन ने राष्ट्रहित में पसमांदा समाज के सहयोग, कर्तव्यनिष्ठा एवं सकारात्मक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों की सहभागिता, आपसी भाईचारे और सद्भाव से ही देश आगे बढ़ सकता है।
राज्यपाल ने कहा कि भारत गंगा-जमुनी तहजीब, विविधता और सामाजिक समरसता का देश है। जब सभी समाज एकजुट होकर देश की उन्नति के लिए कार्य करेंगे, तभी भारत विश्व गुरु बनने के लक्ष्य की ओर मजबूती से अग्रसर होगा। उन्होंने पसमांदा समाज के युवाओं से भी देश की प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस भेंट को पसमांदा समाज के उत्थान, सामाजिक संवाद और राष्ट्रहित में सहभागिता बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया गया।

