देहरादून

जनसुविधा और हरित परिवहन का संगम: देहरादून में दौड़ेंगी आधुनिक 13-सीटर मिनी ईवी शटल बसें, निःशुल्क सेवा की तैयारी पूरी

देहरादून, 28 दिसंबर 2025 
मा० मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में देहरादून जिला प्रशासन द्वारा शहरवासियों को जाम से राहत और सुव्यवस्थित पार्किंग-सह-आवागमन सुविधा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। परेड ग्राउंड और तिब्बती मार्केट स्थित ऑटोमेटेड मैकेनिकल पार्किंग से जुड़ी आधुनिक 13-सीटर इलेक्ट्रिक मिनी शटल बसें जल्द ही सड़कों पर उतरेंगी। इसकी तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं।
जिला प्रशासन ने ईवी शटल सेवा बेड़े के लिए एडॉर्न एजेंसी के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। प्रथम चरण में 05 आधुनिक इलेक्ट्रिक मिनी बसों की खरीद की जा रही है, जिन्हें आवश्यकता के अनुसार आगे बढ़ाया जाएगा।


जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्मार्ट सिटी, एडॉर्न संस्था और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर निर्देश दिए कि बसों की खरीद, रूट चार्ट, स्टॉपेज, वेटिंग एरिया, चार्जिंग स्टेशन और डिज़ाइन से जुड़े सभी कार्य तत्काल पूर्ण किए जाएं।
निःशुल्क शटल सेवा, 10 ड्रॉप–पिकअप प्वाइंट
ऑटोमेटेड पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले लोगों को इन ईवी शटल बसों से निःशुल्क परिवहन सुविधा मिलेगी, जबकि आम जनता के लिए न्यूनतम टिकट दर तय की जाएगी।


पल्टन बाजार, राजपुर रोड, सचिवालय रूट सहित लगभग 10 किलोमीटर के दायरे में घंटाघर, सुभाष रोड, गांधी पार्क, परेड ग्राउंड जैसे प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ते हुए 10 ड्रॉप–पिकअप प्वाइंट बनाए जाएंगे।
ऑटोमेटेड पार्किंग + ग्रीन ट्रांसपोर्ट = दोहरी सौगात
शहर में जाम से निजात और पार्किंग सुधार के लिए निर्मित तीन ऑटोमेटेड पार्किंग—
परेड ग्राउंड: 111 वाहन क्षमता
तिब्बती मार्केट: 132 वाहन क्षमता
कोरोनेशन: 18 वाहन क्षमता
इन पार्किंग सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के लिए पहले से संचालित ‘फ्री सखी कैब सुविधा’ के बाद अब ईवी मिनी शटल बस सेवा शुरू की जा रही है। वर्तमान में सखी कैब के तहत ईवी टाटा पंच वाहनों से पार्किंग उपयोगकर्ताओं को निःशुल्क आवागमन सुविधा दी जा रही है।
स्मार्ट और ग्रीन ट्रांसपोर्ट की ओर मजबूत कदम
यह पहल न केवल कार्बन उत्सर्जन घटाने में मदद करेगी, बल्कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में निजी वाहनों की निर्भरता कम कर शहर को सुगम, स्मार्ट और हरित बनाएगी।
वर्चुअल बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसीईओ स्मार्ट सिटी तीरथ पाल सिंह, एडॉर्न संस्था के अधिकारी विजय कुमार, सलाहकार युवराज सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Uma Shankar Kukreti