देहरादून

देहरादून में निहारिका साहित्य मंच का भव्य कवि सम्मेलन सम्पन्न

शनिवार दिनांक 06 जून 2026 को देहरादून स्थित उत्तराँचल प्रेस क्लब के सभागार में निहारिका साहित्य मंच एवं कंट्री ऑफ इंडिया फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में उत्तराखण्ड इकाई द्वारा भव्य कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्य प्रेमियों और रचनाकारों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष अब्दुल अजीज सिद्दकी तथा निहारिका साहित्य मंच की संस्थापिका डॉ. रीमा सिन्हा लखनऊ से पहुंचीं। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में देहरादून नगर अल्पसंख्यक मोर्चा (भाजपा) की अध्यक्ष यासमिन आलम खान उपस्थित रहीं।
मुख्य अतिथि अब्दुल अजीज सिद्दकी ने अपने संबोधन में कहा कि साहित्य समाज को सद्मार्ग की ओर ले जाने का कार्य करता है। साहित्य समाज का दर्पण है और समाज में घटित होने वाली घटनाएं ही शब्दों के माध्यम से काव्य का रूप लेती हैं।
निहारिका साहित्य समूह की संस्थापिका डॉ. रीमा सिन्हा ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड आकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई है। यहां एक से बढ़कर एक उत्कृष्ट रचनाकार मौजूद हैं, जो साहित्य जगत को समृद्ध कर रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. भगत सिंह राणा ‘हिमाद’ ने इस सफल आयोजन के लिए उत्तराखण्ड इकाई के प्रभारी नरेश चन्द्र उनियाल, संयोजिका रश्मि पोखरियाल ‘मृदुलिका’ एवं संयोजिका संतोष मिश्रा ‘सोनी’ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के साहित्यिक आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए, जिससे साहित्य को नई दिशा और ऊर्जा मिलती है।
विशिष्ट अतिथि सुशीला राजपूत एवं विनीता मैठाणी ने अपने संबोधन में कहा कि देहरादून में ऐसे कवि सम्मेलनों का आयोजन होना बेहद सराहनीय है। इससे स्थानीय रचनाकारों और कलमकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है।
कार्यक्रम में कविता पाठ करने वाले कवि एवं कवयित्रियों में अंजना कंडवाल ‘नैना’, आशा पंवार, डॉ. भगत सिंह राणा ‘हिमाद’, बिमला रावत, डॉ. वन्दना खंडूरी, लक्ष्मी चौहान ‘रोशनी’, नैना कंसवाल, नन्दन राणा ‘नवल’, राधा मैंदोली ‘माधवी’, रक्षा बौडाई, रेखा चतुर्वेदी, सुलोचना परमार, सुनीता ममगाई, सविता जैन, सुशीला राजपूत, विवेक जखमोला ‘शैलेश’, रश्मि पोखरियाल, संतोष मिश्रा ‘सोनी’, डॉ. रीमा सिन्हा, विनीता मैठाणी, ममता जोशी ‘स्नेहा’, दीपक कैत्युरा एवं नरेश चन्द्र उनियाल शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक नरेश चन्द्र उनियाल ने सभी अतिथियों, कवियों एवं उपस्थित साहित्य प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।

Uma Shankar Kukreti