*हरेला पर्व पर छात्र संघ अध्यक्ष आयुष बडोला के नेतृत्व में हुआ भव्य वृक्षारोपण; यमकेश्वर के विभिन्न परिसरों में रोपे गए पौधे*
यमकेश्वर।
उत्तराखंड के लोक पर्व ‘हरेला’ के पावन अवसर पर आज, 16 जुलाई 2026 को राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी के छात्र संघ अध्यक्ष आयुष बडोला के नेतृत्व में एक वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत क्षेत्र के विभिन्न सरकारी परिसरों और शैक्षणिक संस्थानों में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए फलदार व छायादार पौधे रोपित किए गए।
छात्र संघ अध्यक्ष आयुष बडोला और उनके सहयोगियों द्वारा आज महाविद्यालय बिथ्याणी, उद्यान विभाग कार्यालय बिथ्याणी, तहसील यमकेश्वर कार्यालय तथा विकास खण्ड कार्यालय यमकेश्वर के परिसरों में सघन वृक्षारोपण किया गया।

इस गरिमामयी अवसर पर क्षेत्र के कई युवा नेता और गणमान्य व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण के इस संकल्प में सहभागी बने, जिनमें मुख्य रूप से शामिल रहे:
श्री गौरव नेगी जी (जिला मंत्री, भाजपा युवा मोर्चा)
श्री विकास बडोला जी (मण्डल अध्यक्ष, भाजपा युवा मोर्चा)
श्री प्रियांशु पस्पोला जी (इकाई मंत्री, ABVP यमकेश्वर)

पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
वृक्षारोपण के दौरान उपस्थित युवाओं और जनप्रतितिनिधियों ने न सिर्फ पौधे रोपे, बल्कि उनकी उचित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया। इस मौके पर छात्र संघ अध्यक्ष आयुष बडोला ने कहा कि हरेला पर्व हमारी संस्कृति और प्रकृति के गहरे जुड़ाव का प्रतीक है। आज के समय में पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए हर नागरिक को कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए।
इस अभियान में यमकेश्वर तहसील, विकास खंड और उद्यान विभाग के विभिन्न अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने युवाओं के इस प्रयास की सराहना की और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग दिया।
