आत्मनिर्भर भारत अभियान की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की बैठक
देहरादून, 12 अक्टूबर।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज अपने कैंप कार्यालय में श्रीदेव सुमन नगर मंडल के पार्टी पदाधिकारियों के साथ आगामी आत्मनिर्भर भारत अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक की।

बैठक के दौरान मंत्री जोशी ने कहा कि 17 अक्टूबर को मसूरी विधानसभा में आयोजित होने वाली आत्मनिर्भर भारत कार्यशाला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में एक अहम पहल होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा से जुटने का आह्वान किया।
मंत्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से नई ऊँचाइयाँ हासिल की हैं। “लोकल के लिए वोकल बनो” का संदेश आज जन-जन की भावना बन चुका है। उत्तराखण्ड में कुटीर उद्योग, हस्तशिल्प, जैविक खेती और महिला स्वयं सहायता समूह आत्मनिर्भर भारत की नई पहचान हैं।
इस अवसर पर डीएवी विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं भाजयुमो महानगर मंत्री जितेन्द्र बिष्ट के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।
बैठक में प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, आर.एस. परिहार, निरंजन डोभाल, आशीष थापा, अरविंद डोभाल, पूनम नौटियाल सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
