श्री दरबार साहिब पहुंचे कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, कुमाऊँ में इन्दिरेश अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को सरकार का सहयोग
श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज से की शिष्टाचार भेंट, एसजीआरआर ग्रुप के शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाजसेवा कार्यों की सराहना
देहरादून। उत्तराखंड के शहरी विकास एवं पर्यावरण मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को श्री दरबार साहिब पहुंचकर मत्था टेका और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। श्री दरबार साहिब की परंपरा के अनुरूप उनका सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि श्री दरबार साहिब आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुपम केंद्र है। उन्होंने श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन, श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय तथा श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की।
उन्होंने कहा कि एसजीआरआर ग्रुप को कुमाऊँ मंडल में भी शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थानों का विस्तार करना चाहिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। मंत्री ने आश्वासन दिया कि यदि श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल कुमाऊँ मंडल में अपनी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करता है तो राज्य सरकार हर स्तर पर आवश्यक सहयोग और सहायता प्रदान करेगी।
इस अवसर पर श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कहा कि एसजीआरआर ग्रुप श्री गुरु राम राय जी महाराज की सेवा, शिक्षा और मानव कल्याण की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं और सामाजिक सरोकारों की गतिविधियां पहुंचाने के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल संस्थानों का विस्तार नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, संस्कार और संवेदनशीलता की भावना पहुंचाना है।
भेंट के दौरान श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कैबिनेट मंत्री को श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल तथा एसजीआरआर ग्रुप द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में संचालित जनकल्याणकारी कार्यों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी भी दी।
