देहरादून

दुर्घटना में मृत उपनल कर्मियों के आश्रितों को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदान की 50-50 लाख रुपये की सहायता राशि

देहरादून, 10 अक्टूबर 2025
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में उपनल के माध्यम से सेवारत तीन कार्मिकों के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए।

सड़क दुर्घटनाओं में दिवंगत हुए कार्मिकों में —

  1. विद्युत वितरण खण्ड, जसपुर में तैनात श्री बृजेश कुमार, जिनकी जनवरी 2025 में मृत्यु हुई,
  2. ब्रिडकुल देहरादून में तैनात श्री तसलीम, जिनकी नवम्बर 2024 में मृत्यु हुई,
  3. विद्युत वितरण खण्ड हरिद्वार में तैनात श्री संजीव कुमार, जिनकी फरवरी 2025 में मृत्यु हुई —

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि कोई भी आर्थिक सहायता किसी व्यक्ति की कमी को पूरा नहीं कर सकती, लेकिन कठिन समय में यह सहायता उनके परिवारजनों को आर्थिक संबल प्रदान करने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि सभी कर्मचारियों को सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण मिले तथा विपरीत परिस्थितियों में उनके परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा सके।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं उपनल कर्मचारियों के हित में कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज के अंतर्गत विभिन्न बैंक संस्थानों के साथ समझौता (MoU) किया गया है। इस योजना के अंतर्गत कर्मचारियों को बीमा सहित अनेक वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने उपनल कर्मचारियों के हित में यह सुविधा प्रदान करने हेतु पंजाब नेशनल बैंक का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार द्वारा कर्मचारियों के हित में अनेक नवाचार किए जा रहे हैं तथा उनके कल्याण से संबंधित निर्णय लगातार लिए जा रहे हैं।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, सचिव श्री दीपेन्द्र चौधरी, अपर सचिव श्री मनमोहन मैनाली, मेजर जनरल (से.नि.) शम्मी सबरवाल, एमडी उपनल श्री जे.एन.एस. बिष्ट, पंजाब नेशनल बैंक के जोनल हेड श्री अनुपम, डिप्टी जनरल मैनेजर श्री अभिनंदन तथा एजीएम श्री अजीत कुमार उपाध्याय उपस्थित रहे।