देहरादून

कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान: 31 दिसंबर तक सभी 70 विधानसभाओं में शत-प्रतिशत बूथ कमेटियों के गठन का लक्ष्य

कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान: 31 दिसंबर तक सभी 70 विधानसभाओं में शत-प्रतिशत बूथ कमेटियों के गठन का लक्ष्य

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए संगठन को पूरी तरह बूथ स्तर तक सुदृढ़ करने की योजना तैयार कर ली है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा के निर्देश पर पार्टी ने संगठन सृजन कार्यक्रम को दिसंबर अंत तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि प्रदेश के सभी 27 संगठनात्मक जिलों के पुनर्गठन की घोषणा होते ही नए जिला अध्यक्ष अपने-अपने जनपदों में ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को सक्रिय करने और निष्क्रिय कमेटियों के पुनर्गठन का कार्य करेंगे।

धस्माना ने कहा कि यह कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद सभी बूथों पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) की नियुक्ति 15 नवंबर तक कर दी जाएगी। इसके उपरांत 31 दिसंबर तक प्रदेश की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में शत-प्रतिशत बूथ कमेटियों के गठन का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि बूथ कमेटियों के गठन के बाद नए वर्ष 2026 में पार्टी के बूथ, ब्लॉक और जिला स्तरीय सम्मेलन तथा प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में पार्टी के फ्रंटल संगठन, प्रकोष्ठ और विभाग सक्रिय रूप से भाग लेंगे।

धस्माना ने कहा कि इन कार्यक्रमों की समीक्षा राष्ट्रीय नेतृत्व स्वयं करेगा और इसके लिए राष्ट्रीय स्तर से जिलों के प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे।

 

Uma Shankar Kukreti