देहरादून

अपराध पर सख्ती: उत्तराखंड पुलिस में बड़ा फेरबदल, 20 अधिकारियों के तबादले – देहरादून, हरिद्वार व उधमसिंहनगर में नई तैनाती

देहरादून:
प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस महकमे में व्यापक स्तर पर फेरबदल किया है। 13 फरवरी को उत्तराखंड शासन के गृह अनुभाग-01 द्वारा जारी आदेश के तहत राज्य पुलिस सेवा और भारतीय पुलिस सेवा के कुल 20 अधिकारियों के तबादले एवं नई तैनातियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
शासन ने सभी अधिकारियों को शीघ्र कार्यभार ग्रहण कर इसकी सूचना पुलिस मुख्यालय के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इस फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जारी सूची के अनुसार एसडीआरएफ में तैनात पुलिस उपमहानिरीक्षक श्रीमती निवेदिता कुकरेती को पुलिस महानिरीक्षक, एसडीआरएफ के पद पर तैनाती दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतर्कता मुख्यालय श्री प्रहलाद नारायण मीणा को पुलिस उपमहानिरीक्षक, सतर्कता मुख्यालय बनाया गया है।
जिला स्तर पर भी अहम बदलाव किए गए हैं। हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रमेन्द्र डोबाल को देहरादून का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है, जबकि देहरादून के एसएसपी श्री अजय सिंह को एसटीएफ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसटीएफ में तैनात श्री नवनीत सिंह को हरिद्वार का एसएसपी बनाया गया है। चम्पावत के पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति कुमार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधमसिंहनगर बनाया गया है।
उधमसिंहनगर के एसएसपी श्री मणिकांत मिश्रा को पुलिस अधीक्षक, अभिसूचना की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अभिसूचना में तैनात श्री प्रदीप कुमार राय को पुलिस अधीक्षक, सीबीसीआईडी बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक (क्षेत्रीय) अभिसूचना देहरादून श्री अमित श्रीवास्तव को सेनानायक, आईआरबी प्रथम रामनगर नियुक्त किया गया है।
रुद्रप्रयाग के पुलिस अधीक्षक श्री अक्षय प्रहलाद कोंडे को पिथौरागढ़ भेजा गया है, जबकि पिथौरागढ़ की पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा यादव को चम्पावत का दायित्व सौंपा गया है। बागेश्वर के पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रशेखर आर. घोडके को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा बनाया गया है। अल्मोड़ा के एसएसपी श्री देवेंद्र पींचा को 31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर का सेनानायक नियुक्त किया गया है।
इसके अतिरिक्त उधमसिंहनगर में अपराध एवं यातायात की पुलिस अधीक्षक श्रीमती निहारिका तोमर को रुद्रप्रयाग का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। हरिद्वार में अपराध एवं यातायात के पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार मेहरा को बागेश्वर भेजा गया है। हरिद्वार के पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र चौधरी को उधमसिंहनगर में अपराध एवं यातायात का दायित्व सौंपा गया है, जबकि सुश्री निशा यादव को हरिद्वार में अपराध एवं यातायात की जिम्मेदारी दी गई है।
सीआईडी में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक श्री मनोज ठाकुर को कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल भेजा गया है। वहीं कोटद्वार के अपर पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रमोहन सिंह को पुलिस अधीक्षक (क्षेत्रीय) अभिसूचना, देहरादून नियुक्त किया गया है।

मुख्यमंत्री धामी का सख्त रुख

हाल के दिनों में सामने आई आपराधिक घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठकों में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अपराध के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर सख्ती से अमल किया जाए।
हालिया घटनाओं के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की समयबद्ध गिरफ्तारी सुनिश्चित की है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि केवल घटना के बाद कार्रवाई ही नहीं, बल्कि अपराध रोकने के लिए पूर्व-निवारक रणनीति भी मजबूत की जाए।
उन्होंने मुखबिर तंत्र को मजबूत करने, अपराधियों में कानून का भय स्थापित करने तथा आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने पर विशेष जोर दिया है। साथ ही यह भी निर्देश दिए हैं कि आमजन बिना किसी भय के अपनी शिकायत पुलिस तक पहुंचा सकें और उन्हें त्वरित न्याय मिले।
राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा संवेदनशील जिलों में बेहतर मॉनिटरिंग और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को पुलिस व्यवस्था की रणनीतिक पुनर्संरचना के रूप में देखा जा रहा है।

Uma Shankar Kukreti