Dehradun : तिब्बती मार्केट के पास दिनदहाड़े फायरिंग, गैस एजेंसी स्वामी की मौत; हमलावरों की तलाश में पुलिस की टीमें गठित
देहरादून में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब तिब्बती मार्केट–परेड ग्राउंड क्षेत्र के पास स्कूटी सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी। मृतक की पहचान 42 वर्षीय अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है, जो जीएमएस रोड स्थित भारत गैस एजेंसी के संचालक थे और कर्नल आर.सी. शर्मा के बेटे बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्जुन शर्मा परेड ग्राउंड में लॉन टेनिस खेलने आए थे। खेल समाप्त कर लौटते समय स्कूटी सवार दो अज्ञात युवकों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे उनके सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की तलाश में पुलिस टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। इस वारदात के बाद शहर में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
प्रॉपर्टी विवाद की भी चर्चा
मृतक के साथ कई वर्षों से काम कर रहे एक सहयोगी ने आरोप लगाया कि अर्जुन शर्मा का विजय उनियाल के साथ करीब 40 से 42 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। उनका दावा है कि अर्जुन को पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी थीं और इस संबंध में वसंत विहार थाने व एसएसपी को शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यह भी आरोप लगाया गया है कि करीब एक वर्ष पहले विनोद उनियाल ने अर्जुन शर्मा की मां से दो फ्लैट लिए थे।
अर्जुन शर्मा का घर वसंत विहार क्षेत्र में आईटीबीपी के पास बताया जा रहा है। परिवार में उनकी पत्नी, साढ़े चार साल का बेटा और साढ़े तीन साल की बेटी हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद भी आया सामने
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक का पारिवारिक व्यवसाय को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उनकी माता द्वारा उच्च न्यायालय से अपने बेटे से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा भी ली गई थी।
पुलिस के अनुसार स्कूटी सवार दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है और पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि घटना के खुलासे के लिए सभी पहलुओं—पारिवारिक, आर्थिक और आपसी विवाद—पर गहनता से जांच की जा रही है।
