जिला जज, डीएम और एसपी ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण।
पीलीभीत। जनपद न्यायाधीश विजय कुमार डुंगराकोटि ने सोमवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव भी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश ने किशोर बैरक, महिला बैरक, भोजनालय और अस्पताल का जायजा लिया।
उन्होंने बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। महिला बैरक में बंदियों से व्यवस्थाओं के बारे में पूछताछ की गई तथा नियमित उपयोग की सामग्री वितरण की गई।अस्पताल निरीक्षण के समय बीमार बंदियों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली गई। उपस्थित चिकित्सकों को सख्त निर्देश दिए गए कि स्वास्थ्य सुविधाओं में कोई भी लापरवाही न बरती जाए। न्यायाधीश ने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि मानक के अनुरूप बंदियों को हर सुविधा उपलब्ध कराई जाए।निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश ने साफ-सफाई की व्यवस्था देखी और निर्देश दिए कि कारागार में भोजन की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुसार सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को भी कहा।इस मौके पर अपर जिला जज सुनील कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मंगल देव सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव, जेल अधीक्षक, जेलर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
