डोईवाला पुलिस ने एटीएम कैश चोरी का किया खुलासा — चार शातिर चोर गिरफ्तार
देहरादून, 10 अक्टूबर 2025।
डोईवाला थाना क्षेत्र में एटीएम से नकदी चोरी की घटना का दून पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई नगदी, घटना में प्रयुक्त वाहन और उपकरण बरामद किए हैं।
घटना का विवरण
दिनांक 09 अक्टूबर 2025 को एक्सिस बैंक मिस्सरवाला शाखा के प्रबंधक श्री दिनेश कुनियाल ने कोतवाली डोईवाला में शिकायत दर्ज कराई कि उनके एटीएम से 07 व 08 अक्टूबर को अज्ञात व्यक्तियों ने जालसाजी कर नकदी चोरी की है। आरोपियों ने एटीएम की मूल कैश ट्रे के ऊपर डुप्लिकेट (डमी) कैश ट्रे लगाकर ग्राहकों की राशि निकालने की प्रक्रिया को रोक दिया और बाद में ट्रे में फंसे पैसे चुरा लिए।
इस पर मु0अ0सं0 272/2025 धारा 318(4)/305ए बीएनएस में अभियोग पंजीकृत कर जांच प्रारंभ की गई।
पुलिस की कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित टीम ने क्षेत्र में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
लगातार प्रयासों के बाद 10 अक्टूबर को हर्रावाला चौकी क्षेत्र के लक्ष्मण सिद्ध मंदिर तिराहे के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध बलेनो कार (संख्या DL-10-CZ-3593) से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम
- गौरव चौहान, पुत्र मनोज कुमार, निवासी राजीव नगर, डोईवाला, देहरादून (उम्र 21 वर्ष)
- अमन कुमार, पुत्र कृष्ण चौहान, निवासी ओम विहार फेस-3, उत्तम नगर, दिल्ली (उम्र 25 वर्ष)
- रोहित पुंज, पुत्र भूषण पुंज, निवासी विकास नगर, उत्तम नगर, दिल्ली
- जितेंद्र सिंह, पुत्र विजय सिंह, निवासी श्रीराम कॉलोनी, निहाल विहार, दिल्ली
पूछताछ में खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यूट्यूब पर वीडियो देखकर एटीएम कैश चोरी की तकनीक सीखी। उन्होंने एटीएम में प्रयोग होने वाली कैश ट्रे जैसी डमी ट्रे तैयार की थी, जिसे असली ट्रे के ऊपर लगाकर ग्राहकों की निकासी रोक दी जाती थी।
जब ग्राहक नकदी न निकलने पर एटीएम से चला जाता था, तो आरोपी डमी ट्रे निकालकर उसमें फंसी नकदी लेकर फरार हो जाते थे।
अभियुक्तों ने बताया कि वे देहरादून के रायपुर और राजपुर क्षेत्र के एटीएम को भी इसी प्रकार की चोरी के लिए चिन्हित कर चुके थे और आगे अन्य जनपदों में भी ऐसी वारदातें करने की योजना थी।
बरामदगी
- चोरी की गई नकदी ₹13,000/-
- घटना में प्रयुक्त बलेनो कार DL-10-CZ-3593
- डमी कैश ट्रे व अन्य उपकरण
पुलिस टीम
- उ.नि. सुनील नेगी
- उ.नि. राजनारायण व्यास
- हे.का. देवेन्द्र नेगी
- का. धर्मेन्द्र नेगी
- का. सचिन सैनी
- का. कुलदीप कुमार
- का. आशीष शर्मा (एसओजी)
यह कार्रवाई देहरादून पुलिस की तत्परता, तकनीकी दक्षता और साइबर-अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
