ड्रोन से टिहरी पहुंची दवा, एम्स ऋषिकेश ने 30 मिनट में तय की 50 किमी दूरी
ऋषिकेश।
एम्स ऋषिकेश ने ड्रोन आधारित मेडिकल सेवा को और विस्तार देते हुए टिहरी जनपद के बौराड़ी क्षेत्र में आवश्यक दवाएं सफलतापूर्वक पहुंचाईं। संस्थान शीघ्र ही इस सेवा को नियमित रूप से संचालित करने की तैयारी में है, जिससे सुदूरवर्ती इलाकों के मरीजों को त्वरित स्वास्थ्य लाभ मिल सकेगा।

उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों में गंभीर मरीजों तक दवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से एम्स ऋषिकेश ने फरवरी 2023 में ड्रोन मेडिकल सेवा शुरू की थी। अब तक टिहरी, चंबा, हिंडोलाखाल, जुड्डा नीलकंठ, कोटद्वार और हरिद्वार के रोशनाबाद सहित कई क्षेत्रों में इस सेवा के माध्यम से दवाएं पहुंचाई जा चुकी हैं।
मंगलवार को दोपहर 12:20 बजे एम्स के हेलीपैड से ड्रोन ने टिहरी के लिए उड़ान भरी और मात्र 30 मिनट में 50 किलोमीटर की दूरी तय कर 12:50 बजे बौराड़ी स्थित नगर निगम सभागार प्रांगण में सुरक्षित लैंडिंग की। वापसी में ड्रोन 1:25 बजे रवाना हुआ और 1:55 बजे एम्स हेलीपैड पर उतरा।
इस अवसर पर संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) मीनू सिंह ने कहा कि ड्रोन आधारित मेडिकल सेवाओं के जरिए दुर्गम क्षेत्रों तक समय पर दवाएं पहुंचाना संस्थान की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में राज्य के अन्य इलाकों को भी इस सेवा से जोड़ा जाएगा।
कार्यक्रम में एम्स के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण, डीएमएस डॉ. रवि कुमार, पीआरओ डॉ. श्रीलोय मोहन्ती, पीपीएस विनीत कुमार सिंह, ड्रोन सेवाओं के कंसल्टेंट हरदीप एस मन्हास, स्काईनेट ई सोल्यूशन कंपनी के सीईओ पुनीत धमोला, निदेशक राजीव सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
