Wildlifeकोटद्वारपौड़ी

कोटद्वार में हाथी का कहर: जंगल में लकड़ी लेने गए वृद्ध को पटक-पटक कर मार डाला

कोटद्वार
जनपद पौड़ी गढ़वाल के लैंसडौन वन प्रभाग अंतर्गत कोटद्वार रेंज की सुखरो बीट में रविवार सुबह हाथी के हमले में एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। जंगल में लकड़ी लेने गए 70 वर्षीय बुजुर्ग पर हाथी ने अचानक हमला कर उन्हें पटक-पटक कर मार डाला।
रेंजर विपिन चंद्र जोशी ने बताया कि मूल रूप से कांडाखाल क्षेत्र के निवासी और वर्तमान में शिवपुर में रह रहे बृजमोहन (70) पुत्र पंचम सिंह रविवार सुबह अपने पड़ोसी हेमेंद्र सिंह के साथ सुखरो बीट के कक्ष संख्या-2 में लकड़ी लेने गए थे। इसी दौरान जंगल में अचानक हाथी से उनका आमना-सामना हो गया।
हाथी को देखकर दोनों जान बचाने के लिए भागे। हेमेंद्र सिंह किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंच गए, लेकिन बृजमोहन वापस नहीं लौटे। काफी देर तक उनके घर न पहुंचने पर हेमेंद्र ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने जंगल में सघन तलाश अभियान चलाया। कई घंटे की खोजबीन के बाद सुखरो बीट के कक्ष संख्या-2 में बृजमोहन का शव बरामद हुआ। हाथी ने उन्हें बेरहमी से पटक-पटक कर मौत के घाट उतार दिया था।
वन विभाग के अनुसार मृतक के परिजनों को तत्काल तीन लाख रुपये की अग्रिम मुआवजा राशि दी जाएगी। शेष सात लाख रुपये पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद प्रदान किए जाएंगे।

Uma Shankar Kukreti