देहरादून में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
संदिग्ध पनीर के 7 नमूने लिए, बाहरी राज्यों से आने वाले दुग्ध उत्पादों पर रखी जा रही नजर
देहरादून। आम उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, देहरादून की टीम ने गुरुवार तड़के मिलावट के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड श्री विनय शंकर पांडेय के आदेश तथा जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रातः करीब 4 बजे से नेहरू ग्राम और रायपुर क्षेत्र में बाहरी जनपदों से आने वाले संदिग्ध दुग्ध उत्पादों की जांच की। इस दौरान विभिन्न वाहनों और डेयरियों में दुग्ध उत्पादों की जांच की गई।
जांच के दौरान एक महेन्द्रा मिल्क वैन से पैक्ड लो-फैट पनीर वितरित किया जाता पाया गया। यह पनीर सरधना मिल्क फेडरेशन, मेरठ द्वारा निर्मित एवं सप्लाई किया गया बताया गया। इसके बाद रायपुर स्थित एक डेयरी से सिंगला मिल्क चिलिंग, पटियाला, पंजाब द्वारा निर्मित पनीर का नमूना जांच के लिए लिया गया। संदेह के आधार पर कुल चार पनीर के नमूने जांच हेतु भेजे गए।
वहीं, ऋषिकेश क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री संतोष कुमार सिंह ने भनियावाला स्थित मित्तल डेयरी का निरीक्षण किया। यहां से ‘गंज’ ब्रांड के पनीर का नमूना लिया गया, जिसकी सप्लाई बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश से की जा रही थी। इसके अलावा रानीपोखरी स्थित एक डेयरी से पैक्ड पनीर के दो नमूने भी जांच के लिए लिए गए।
इस प्रकार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को मिलावट/एनालॉग पनीर की आशंका के चलते कुल सात नमूने जांच के लिए लिए हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, जनपद देहरादून श्री मनीष सयाना ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मिलावटी एवं घटिया खाद्य पदार्थों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
कार्रवाई में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र श्री रमेश सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर श्री संजय तिवारी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश क्षेत्र श्री संतोष कुमार सिंह तथा सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जनपद देहरादून श्री मनीष सयाना सहित विभागीय अधिकारी शामिल रहे।
