घर में चीतल का मांस काटते वन टीम ने दबोचे दो आरोपी, एक फरार
पीलीभीत। मुखबिर की सूचना पर महोफ रेंज की टीम ने कमालपुर निवासी सुदीप सरकार के घर दबिश देकर वन्य जीव तस्करी का भंडाफोड़ किया। तलाशी के दौरान सुदीप को चीतल का कच्चा मांस काटते हुए पकड़ लिया गया। उसके साथ मौजूद रबेन हलदार को भी वन्यजीव संरक्षण उल्लंघन के मामले में हिरासत में लिया गया।टीम की पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यह मांस उनके पड़ोसी विरगो उर्फ वीरु ने दिया था। इसके बाद टीम ने पड़ोसी के घर तलाशी ली, जहां से लगभग एक किलो उबला हुआ मांस बरामद हुआ। इस बीच विरगो मौके से फरार हो गया।हिरासत में लिए गए आरोपियों ने बताया कि वीरु के तीन अन्य साथी जंगल से शिकार कर मांस की सप्लाई करते हैं। फिलहाल सुदीप सरकार और रबेन हलदार के खिलाफ मामला दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
