भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर गिरफ्तार, अंकिता भंडारी प्रकरण में बयानबाजी से जुड़ा मामला
देहरादून/हरिद्वार। भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को देहरादून पुलिस ने हरिद्वार के बुग्गावाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर किए गए दावों और कथित आपत्तिजनक सामग्री के प्रसारण से जुड़ा है। आरोप है कि सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर द्वारा सोशल मीडिया पर ऑडियो-वीडियो साझा किए गए, जिनमें कुछ भाजपा नेताओं के संबंध में गंभीर आरोप लगाए गए थे।
इस मामले में हरिद्वार के झबरेड़ा, बहादराबाद तथा देहरादून के नेहरू कॉलोनी और डालनवाला थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि प्रसारित सामग्री से उनकी छवि धूमिल हुई और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा।
पुलिस के अनुसार, मामले में दर्ज शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
नोट: आरोपों की सत्यता का अंतिम निर्धारण न्यायालय एवं जांच एजेंसियों द्वारा किया जाएगा।
