नए एमबीबीएस बैच 2025 के लिए फाउंडेशन कोर्स का स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में शुभारंभ
पीलीभीत। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, पीलीभीत में नये एमबीबीएस बैच 2025 के लिए फाउंडेशन कोर्स का शुभारंभ किया गया है। यह विशेष कोर्स 22 सितंबर से 6 अक्टूबर तक आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी छात्रों को चिकित्सा शिक्षा की बुनियादी समझ देना और उन्हें आवश्यक अकादमिक एवं व्यावहारिक कौशल से सुसज्जित करना है।
कोर्स की शुरुआत अकादमिक डीन डॉ. श्रेयसी वक्श ने दीप प्रज्ज्वलन कर की। उन्होंने नए छात्रों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की संरचना और शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। शुरुआती दो दिनों में छात्रों को परिसर भ्रमण कराया गया, जिसमें फेज-1 और फेज-2 विभागों से परिचय शामिल रहा। इस दौरान प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. शिखा सक्सेना और डॉ. वक्श ने कार्यक्रम की निगरानी की।नवप्रवेशी छात्रों को रैगिंग निषेध कानून और हॉस्टल नियमों की जानकारी क्रमशः डॉ. मुकेश पांडे और डॉ. पूजा सिदवानी ने दी। इसके अतिरिक्त दूसरे दिन प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. प्रेम चंद्र श्रीवास्तव ने छात्रों को कॉम्पिटेंसी बेस्ड मेडिकल एजुकेशन (सीबीएमई) की रूपरेखा से अवगत कराया। वहीं, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. हुमा खान ने चिकित्सा शिक्षा के उद्देश्यों एवं भारतीय स्नातक चिकित्सकों की भूमिकाओं के बारे में व्याख्यान प्रस्तुत किया।आईटी एवं कंप्यूटर विषय पर सत्र डॉ. पंकज केशवानी द्वारा लिया गया, जबकि डॉ. शकील अहमद ने मेडिकल छात्रों के लिए संतुलित जीवनशैली अपनाने के महत्व पर बल दिया।महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा ने कार्यक्रम को सराहनीय पहल बताते हुए छात्रों को मेहनत और लगन से अध्ययन कर चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट भविष्य गढ़ने का आह्वान किया।कार्यक्रम के संचालन में डॉ. ज्योति त्रिवेदी, डॉ. स्नेह सुमन, डॉ. सागर, डॉ. कमलेश, डॉ. पीयूष और डॉ. फरीद सहित अन्य संकाय सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। छात्र-छात्राओं ने न केवल सत्रों में उत्साहपूर्वक भाग लिया बल्कि आगामी गतिविधियों के प्रति भी उत्साह व्यक्त किया।
