तपोवन नगर पंपिंग पेयजल योजना का शिलान्यास, ₹4302.52 लाख से सुदृढ़ होगी पेयजल व्यवस्था
तपोवन/नरेंद्रनगर | 02 जनवरी 2026
नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत तपोवन में ₹4302.52 लाख की लागत से बनने वाली तपोवन नगर पंपिंग पेयजल योजना का विधिवत शिलान्यास प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा किया गया।

यह महत्वाकांक्षी पेयजल योजना क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों एवं व्यवसायिक क्षेत्रों की वर्तमान आवश्यकताओं की पूर्ति तथा भविष्य की बढ़ती जल मांग के स्थायी समाधान की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित से जुड़े विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विनीता बिष्ट, सभासद श्रीमती ज्योति कंडारी, श्रीमती आशा बिष्ट, श्री नरेंद्र कैंतुरा, श्री वीरेंद्र गुसाईं सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
