Uttarakhand

*जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार, जनपद के विभिन्न न्याय पंचायत, भुड्डी, थानो, नराया में लगा बहुउद्देशीय शिविर*

 

*जनहित सर्वोपरिः विधायक पुंडीर का अल्टीमेटम, 15 दिन में हो समस्या का समाधान*

*शिविर में त्वरित राहत, 09 आयुष्मान, 11 आधार अपडेट, दिव्यांग पेंशन स्वीकृत*

*शिविर में उमड़ा जन सैलाब, 79 शिकायतों में से 45 का मौके पर निस्तारण*

*ग्रामीणों के द्वार पर सरकारः भुड्डी में 1467 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ।*

 

*देहरादून 15 जनवरी,2026 
प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार, प्रशासन गांव की ओर’ अभियान के तहत गुरुवार को सहसपुर ब्लॉक के न्याय पंचायत भुड्डी में उप जिलाधिकारी विनोद कुमार की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया और विभिन्न विभागों की योजनाओं के माध्यम से 1467 लोगों को iलाभ प्रदान किया गया। इस अवसर पर विधायक श्री सहदेव सिंह पुण्डीर सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

शिविर में ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी के समक्ष 79 शिकायतें प्रस्तुत की, जिनमें से 45 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। उप जिलाधिकारी ने विभागों से संबंधित शिकायतों को अग्रसारित करते हुए निर्देश दिए कि शेष शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।

सहसपुर के विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि जन-जन की सरकार कार्यक्रम के माध्यम से सभी पात्र नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सरल एवं सुगम रूप से पहुँचाया जा रहा है तथा जनता की शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। इस कार्यक्रम से आमजन को बड़ी राहत मिल रही है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का निस्तारण 15 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए तथा इसकी जानकारी संबंधित शिकायतकर्ता एवं जनप्रतिनिधियों को भी दी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार सबका साथ, सबका विश्वास और सबका विकास के मूल मंत्र के साथ जनहित से जुड़े कार्यों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर विधायक ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट का वितरण भी किया।

शिविर में अल्कापुरी, देवलोक एवं मिंगवाल कॉलोनी के निवासियों ने अभी तक पेयजल कनेक्शन न दिए जाने की शिकायत प्रमुखता से रखी। साथ ही कॉलोनी के संपर्क मार्गो का सुधारीकरण एवं रात्रि में प्रकाश व्यवस्था हेतु स्ट्रीट लाइट की मांग रखी। ग्राम प्रधान बुड्ढी ने आधार कार्ड सेंटर खोलने, राजस्व ग्राम का आदेश पारित करने, चकमनसा गांव वासियों की खतौनी न मिलने की समस्या रखी। विधायक ने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बहुउद्देशीय शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने एलोपैथिक में 297, होम्योपैथिक में 158 और आयुर्वेदिक में 78 लोगों की जांच कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की। शिविर में 09 आयुष्मान, 11 आधार कार्ड अपडेशन तथा एक दिव्यांग पेंशन मौके पर स्वीकृत की गई। पशुपालन विभाग ने 35 पशुपालकों को पशु दवाएं उपलब्ध कराई। राजस्व विभाग ने 56 प्रमाण पत्र जारी किए। डेयरी 75, कृषि विभाग ने 98, उद्यान विभाग ने 79 किसानों को कृषि यंत्र, बीज और पीएम किसान निधि प्रदान की। समाज कल्याण विभाग ने 28 पात्र लोगों को पेंशन स्वीकृत की। जिला पूर्ति विभाग ने 19 राशन कार्ड धारकों की केवाईसी करवाई। इसके अतिरिक्त बाल विकास 21, पंचायती राज विभाग ने 58 मामलों का निस्तारण किया। श्रम विभाग ने 14 श्रमिक पंजीकरण योजना के तहत लाभान्वित किया गया। बाल विकास, एनआरएलएम, श्रम, मत्स्य, विद्युत, पेयजल निगम, शिक्षा, रीप, डेयरी और ग्राम्य विकास विभाग के माध्यम से भी कई लाभार्थियों को लाभ पहुँचाया गया।

शिविर में सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, जिला अध्यक्ष मीता सिंह, उपाध्यक्ष दयानंद जोशी, महामंत्री यशपालन नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य एकता, ग्राम प्रधान तज्जमुल हुसैन, सोनू कश्यप, अजय पैन्युली अन्य जन प्रतिनिधियों सहित तहसीलदार विवेक राजौरी, खंड विकास अधिकारी मुन्नी शाह सहित अन्य विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

 

*जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा कार्यक्रम के तहत थानो में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित*

*जनसमस्याओं का समाधान मौके पर, थानो शिविर में 65 शिकायतें*

*ग्रामीणों के द्वार पर सरकारः न्याय पंचायत थानों में 808 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ।*

*ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान से ही संभव है गांवों का विकास-एसडीएम*

*देहरादून 15 जनवरी,2026
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा कार्यक्रम के अंतर्गत बृहस्पतिवार को उप जिलाधिकारी अपर्णा ढ़ौडियाल की अध्यक्षता में राजकीय इंटर कॉलेज थानों में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रवासियों द्वारा कुल 65 समस्याएँ प्रस्तुत की गईं, जिनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

इस अवसर पर डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला एवं उप जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और कृषि विभाग के माध्यम से 80 प्रतिशत अनुदान पर एक आटा चक्की एवं दो पावर फीडर वितरित किए गए। वहीं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से पाँच महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। शिविर के दौरान विभागों द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

उप जिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान से ही गाँवों का समग्र विकास संभव है। जनता की समस्याओं का निस्तारण करना प्रशासन का कर्तव्य है तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा कार्यक्रम के अंतर्गत थानो न्याय पंचायत के साथ-साथ कोटी मेहचक, लडवाकोट, सिंधवाल गांव, सनगांव, धारकोट एवं भडेरना के ग्रामीणों ने भूमि, सड़क, पेयजल, पेंशन एवं विद्युत से संबंधित समस्याएँ प्रस्तुत कीं। शिविर में जिला पंचायत की 2, राजस्व विभाग की 10, विद्युत विभाग की 11, पेयजल विभाग की 8, लोक निर्माण विभाग की 6, दूरसंचार विभाग की 2, सिंचाई विभाग की 4, शिक्षा विभाग की 3, परिवहन विभाग की 1, उरेडा की 6, वन विभाग की 4, स्वास्थ्य विभाग की 2, समाज कल्याण विभाग की 1, पंचायती राज विभाग की 1, कृषि विभाग की 1, नागरिक आपूर्ति विभाग की 1, पीएमजीएसवाई की 1 तथा बाल विकास विभाग की 1 शिकायत प्राप्त हुई।

बहुउद्देशीय शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा एलोपैथिक पद्धति से 437 तथा होम्योपैथिक पद्धति से 60 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त कृषि विभाग से 35, उद्यान विभाग से 32, डेयरी विभाग से 30, पशुपालन विभाग से 20, सहकारिता विभाग से 15, राजस्व विभाग से 20, जिला सैनिक कल्याण विभाग से 7, विद्युत विभाग से 6, सेवायोजन विभाग से 12, बाल विकास विभाग से 15, एनआरएलएम से 28, एलडीएम बैंक से 12, समाज कल्याण विभाग से 8, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से 12, श्रम विभाग से 16, पंचायती राज विभाग से 46 तथा रेशम विभाग से 2 लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

बहुउद्देशीय शिविर में डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला, दर्जा राज्य मंत्री मधु भट्ट, थानो प्रधान चंद्रप्रकाश तिवाड़ी, प्रधान कोटी मेहचक शिवानी, प्रधान लंडवाकोट शिवानी कंडारी, प्रधान सिंधवाल गांव तान्या पंवार, प्रधान सनगांव हेमनती रावत प्रधान धारकोट पूजा, भड़ेरना शीला अन्य जनप्रतिनिधियों समेत खंड विकास अधिकारी अपर्णा ढौडियाल, एबीडीओ सुनील उनियाल अन्य विभागीय अधिकारी एवं बडी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

 

 

*सरकार आपके द्वारः सुदूरवर्ती न्याय पंचायत नराया में एसडीएम डॉ हर्षिता ने सुनी जन समस्याएं,*

*जनहित में बडी पहलः मौके पर 13 पेंशन स्वीकृत, 11 जन्म, मृत्यु और परिवार रजिस्टर संशोधन*

*नराया बहुउदेशीय शिविरः 514 लाभार्थियों को मिला सेवाओं का लाभ*

*लाभ भी, समाधान भीः 266 निःशुल्क स्वास्थ्य जांच से लेकर औषधि वितरण,*

*देहरादून 15 जनवरी,2026 (सू.वि),*
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार, प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को विकासखंड कालसी स्थित खेल मैदान, नराया में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी डॉ. हर्षिता सिंह ने की। इस शिविर के माध्यम से कुल 514 ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया।

इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएँ एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे और अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित कुल 29 समस्याएँ प्रस्तुत कीं।

उप जिलाधिकारी डॉ. हर्षिता सिंह ने कहा कि प्रत्येक नागरिक तक सरकार की योजनाओं का लाभ पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने विभागों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और कोई भी शिकायत अनावश्यक लंबित न रहे।

शिविर में क्षेत्रवासियों द्वारा विभिन्न विभागों से शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें राजस्व विभाग से 12, ग्राम्य विकास विभाग से 5, पेयजल विभाग से 4, लोक निर्माण विभाग एवं ऊर्जा विभाग से 2-2, तथा शिक्षा, समाज कल्याण, सिंचाई और डेयरी विभाग से 1-1 शिकायत शामिल थी।

 

बहुउद्देशीय शिविर में विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एलोपैथिक में 113 और आयुर्वेदिक में 153 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। कृषि विभाग ने 50 और उद्यान विभाग ने 33 किसानों को कृषि यंत्र, बीज एवं पीएम किसान निधि का लाभ प्रदान किया।

समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन के 14 में से 13 प्रकरणों का मौके पर समाधान किया गया। जिला पूर्ति विभाग ने 10 राशन कार्ड धारकों की केवाईसी और नई यूनिट दर्ज की। पंचायती राज विभाग द्वारा किसान, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन तथा परिवार रजिस्टर से संबंधित 5 मामलों का निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त बाल विकास विभाग ने 21 किशोरी किट और मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की। पर्यटन विभाग ने 6, उद्योग विभाग ने 33, बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों ने 14, सेवायोजन विभाग ने 2, ग्राम्य विकास विभाग ने 41, पूर्ति विभाग ने 10, उद्योग विभाग ने 8, राजस्व विभाग ने 7 आय, जाति और हिस्सा प्रमाण पत्र, तथा पंचायती राज विभाग ने 5 जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत किए।

शिविर में उप जिलाधिकारी डॉ. हर्षिता सिंह, तहसीलदार प्रदीप नेगी, खंड विकास अधिकारी जगत सिंह, सहायक विकास अधिकारी धरमपाल सिंह तेजवान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, विभिन्न गांवों के ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Uma Shankar Kukreti