राज्यपाल ने अधिकारियों संग की बैठक, जनपद के विकास कार्यों की ली समीक्षा
- पंतनगर । महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) मंगलवार सायं अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत पंतनगर विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां पहुंचने पर उन्होंने तराई भवन में जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक व मुख्य विकास अधिकारी के साथ बैठक कर जनपद में संचालित विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना में ऊधम सिंह नगर जनपद का देश के शीर्ष पांच जिलों में शामिल होना गर्व की बात है। उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा जनपद को पुरस्कृत किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए योजना में सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित करने के निर्देश दिए।बैठक में जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि ग्रीष्मकालीन धान की खेती को हतोत्साहित करते हुए कृषकों को गन्ना, मक्का व दलहन उत्पादन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी 8 नवंबर को नानकसागर डैम में वाटर स्पोर्ट्स कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सूचना दी कि भारत सरकार द्वारा जनपद में फॉरेसिक लैब को स्वीकृति मिल गई है, जिसके लिए किच्छा में भूमि का चयन किया जा चुका है।मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। जनपद की 27 न्याय पंचायतों में एक-एक मॉडल विद्यालय व लाइब्रेरी स्थापित की जा रही है तथा 150 प्राथमिक विद्यालयों में आपदा मद से नए कक्ष निर्माणाधीन हैं। जनपद को टीबी मुक्त बनाने के लिए ग्राम स्तर पर जांच व उपचार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रसूता महिलाओं के लिए अस्पतालों में वातानुकूलित कमरे बनाए जा रहे हैं तथा गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी की जा रही है।राज्यपाल ने पंतनगर विश्वविद्यालय में हनी क्रांति, सेमीकंडक्टर और ड्रोन दीदी योजना के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों को कृषि से जोड़ने, बीज उत्पादन बढ़ाने तथा कृषि अनुसंधान व तकनीक में प्रगति हेतु दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी एवं विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार दीपा विनय उपस्थित रहे।
