नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल का भव्य समापन
साहस, संस्कृति और संकल्प का संगम बना नयार घाटी का तीन दिवसीय महोत्सव
पौड़ी/28 फरवरी 2026:
जनपद पौड़ी के सतपुली–बिलखेत क्षेत्र में आयोजित तीन दिवसीय नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल उत्साह, रोमांच और लोकसंस्कृति के रंगों के बीच भव्य रूप से संपन्न हो गया। इस महोत्सव ने नयार घाटी को साहसिक पर्यटन के उभरते केंद्र के रूप में नई राष्ट्रीय पहचान दिलाई।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक राजकुमार पोरी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विजेताओं और प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। विधायक ने कहा कि साहसिक खेलों में भागीदारी स्वयं में अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों, विभागीय अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को मंच देने के साथ स्वरोजगार और पेशेवर अवसरों की दिशा भी प्रशस्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य उत्तराखंड में एडवेंचर स्पोर्ट्स की अपार संभावनाएं हैं। नयार घाटी जैसे प्राकृतिक रूप से समृद्ध क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाया जा सकता है। होटल व्यवसाय, स्थानीय उत्पाद, परिवहन और सेवा क्षेत्र को इससे सीधा लाभ मिलेगा।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने आयोजन की सफलता को सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए कहा कि पर्वतीय भू-भाग, बदलते मौसम और नदी की तेज धाराओं के बीच गतिविधियों का संचालन चुनौतीपूर्ण था, जिसे सभी विभागों ने टीम भावना से निभाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस महोत्सव को दीर्घकालिक रणनीति के तहत विकसित करने की दिशा में कार्य कर रहा है। भविष्य में प्रस्तावित पैराग्लाइडिंग संस्थान इस क्षेत्र में प्रशिक्षण, कौशल विकास और स्थायी रोजगार के नए अवसर खोलेगा।
रोमांच से सराबोर तीन दिन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा शुभारंभ किए गए इस महोत्सव में बांघाट से व्यासघाट तक नयार नदी में कयाकिंग और एंगलिंग प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहीं। “कैच एंड रिलीज” पद्धति के तहत आयोजित एंगलिंग ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
दूसरे दिन हॉट एयर बैलून, पैरामोटरिंग और टेंडम पैराग्लाइडिंग ने आसमान को रंगों से भर दिया, जबकि खिर्सू से बिलखेत तक आयोजित माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिता ने युवाओं के साहस और सहनशक्ति की परीक्षा ली। सुरक्षा, चिकित्सा और तकनीकी व्यवस्थाओं के बीच आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
सांस्कृतिक संध्याओं ने महोत्सव को विशेष आयाम दिया। पहली शाम गायक संकल्प खेतवाल के लोकगीतों से सजी, जबकि दूसरी संध्या जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण के नाम रही। उनके जागरों ने पूरी घाटी को लोकसंस्कृति के रंग में रंग दिया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम
माउंटेन बाइकिंग (पुरुष वर्ग): प्रज्ज्वल (प्रथम), नीरज भण्डारी (द्वितीय), हिमांशु डबराल (तृतीय)
महिला वर्ग: संध्या मौर्य (प्रथम), वंदना सिंह (द्वितीय), वर्णाली (तृतीय)
फिश एंगलिंग: संजय परोरिया (प्रथम), ट्रेवर होम्स (द्वितीय), संजय पंचेस्वर (तृतीय)
कयाकिंग स्लालम: अमर सिंह (प्रथम), दमन सिंह (द्वितीय), मनीष सिंह रावत (तृतीय)
स्प्रिंट स्पर्धा: अमर सिंह (प्रथम), अमन सिंह (द्वितीय), मनीष सिंह रावत (तृतीय)
पैराग्लाइडिंग (व्यक्तिगत): मोहर सिंह (प्रथम), मनीष उप्रेती (द्वितीय), अक्षय कुमार (तृतीय)
टीम इवेंट: एडवेंचर जोन (प्रथम), फ्लाई वारकला (द्वितीय), पाजू भीमताल (तृतीय)
राइजिंग स्टार अवार्ड: शीतल ठाकुर
कार्यक्रम का संचालन मंजीत रावत ने किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान रश्मि देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रिय देवी, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, उपजिलाधिकारी रेखा आर्य, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
तीन दिनों तक चले इस महोत्सव ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित एवं योजनाबद्ध उपयोग किया जाए, तो साहसिक पर्यटन स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे सकता है। नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल अब केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि नयार घाटी को देश के अग्रणी “एडवेंचर हब” के रूप में स्थापित करने की सशक्त पहल बन चुका है।
