ग्राफिक एरा मेडिकल कॉलेज को मिली पीजी की 72 सीटों की मान्यता, इसी सत्र से शुरू होंगे प्रवेश
देहरादून। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखंड के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज को एमडी/एमएस के 19 विषयों में कुल 72 पीजी सीटों की मान्यता मिल गई है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने इसकी आधिकारिक घोषणा की है। इन सीटों पर इसी शैक्षणिक सत्र से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।
ग्राफिक एरा मेडिकल कॉलेज को मिली इस स्वीकृति के तहत रेडियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, पीडियाट्रिक्स, ईएनटी, जनरल मेडिसिन, डर्मेटोलॉजी, पैथोलॉजी, जनरल सर्जरी, गायनेकोलॉजी और साइकेट्री सहित विभिन्न विशेषज्ञता वाले विषयों में पीजी की पढ़ाई शुरू होगी। इनमें 17 विषयों में चार-चार सीटें तथा रेस्पिरेटरी मेडिसिन/ट्यूबरक्लोसिस और इमरजेंसी मेडिसिन में दो-दो सीटें स्वीकृत की गई हैं।
पीजी सीटों पर प्रवेश नीट पीजी स्कोर के आधार पर केंद्रीय मेडिकल काउंसिलिंग कमेटी (MCC) के माध्यम से किया जाएगा। जारी कार्यक्रम के अनुसार, अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन 6 से 11 नवंबर तक और च्वाइस फिलिंग 7 से 12 नवंबर तक होगी। काउंसिलिंग के परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा होने के कारण यहां की सभी पीजी सीटों पर प्रवेश केंद्रीय काउंसिलिंग प्रक्रिया के माध्यम से होगा।
उल्लेखनीय है कि नेशनल मेडिकल कमीशन ने मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के बाद पहले ही निरीक्षण में यह मान्यता प्रदान की है। इससे पहले इसी सत्र में ग्राफिक एरा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की सीटें भी 150 से बढ़ाकर 250 कर दी गई थीं।
ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राफिक एरा मानव सेवा और कल्याण की भावना के साथ चिकित्सा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। अत्याधुनिक तकनीकों और अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों के सहयोग से संस्थान चिकित्सा सेवा के उच्चतम मानकों को अपनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि ग्राफिक एरा का उद्देश्य बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ देश और दुनिया को श्रेष्ठ चिकित्सक देना भी है। इसी दिशा में उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में सामाजिक सरोकार, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को विकसित करने को प्राथमिकता दी जा रही है।
ग्राफिक एरा को मिली 72 पीजी सीटों की यह मान्यता उत्तराखंड में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

