पौड़ी के जामलाखाल में गुलदार का हमला, व्यक्ति की मौत से दहशत
पौड़ी। पौड़ी वन प्रभाग से सटे घुड़दौड़ी क्षेत्र के जामलाखाल में गुलदार के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गुलदार ने अचानक हमला कर व्यक्ति को अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू की।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार गुलदार की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने या क्षेत्र से हटाने के लिए जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
गौरतलब है कि इससे पहले 14 जनवरी को भी इसी क्षेत्र के बाड़ा गांव में गुलदार ने एक नेपाली मजदूर को अपना शिकार बना लिया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और गुलदार के आतंक से लोगों को जल्द राहत दिलाई जाए।
