ऋषिकेश

गांधी प्रार्थना मंदिर में श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ भगवान वाल्मीकि जयंती समापन समारोह

 

महापौर शंभू पासवान एवं नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने भगवान वाल्मीकि को भोग लगाकर किया शुभारंभ, शोभायात्रा में शामिल प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

ऋषिकेश।
वाल्मीकि नगर स्थित गांधी प्रार्थना मंदिर में भगवान वाल्मीकि जयंती का समापन समारोह धार्मिक श्रद्धा और सामाजिक एकता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम ऋषिकेश के महापौर श्री शंभू पासवान एवं नगर आयुक्त श्री गोपाल राम बिनवाल रहे।

दोनों अतिथियों ने भगवान वाल्मीकि जी को भंडारे का भोग लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात समिति सदस्यों ने मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।

कार्यक्रम में भगवान वाल्मीकि की शोभायात्रा में विशेष भूमिका निभाने वाले सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। महापौर श्री शंभू पासवान ने इस अवसर पर कहा कि “भगवान वाल्मीकि के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनकी शिक्षाएँ हमें सत्य, ज्ञान और समानता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।”

नगर आयुक्त श्री गोपाल राम बिनवाल ने कहा कि “भगवान वाल्मीकि ने समाज में ज्ञान का दीप प्रज्ज्वलित किया। उनके जीवन से हमें सेवा और समाजहित की भावना सीखने को मिलती है।”

समापन अवसर पर समिति अध्यक्ष महेंद्र कालरा, राकेश पारछा (एडवोकेट, सदस्य राज्य सफाई कर्मचारी आयोग, उत्तराखंड सरकार), विनोद भारती, नरेश खैरवाल, ब्रह्मचंद वाल्मीकि, संजय वाल्मीकि, सुजीत यादव, चंदू यादव, नीरज, हरिओम, सन्नी भारती, लोकेश सहित अनेक गणमान्य नागरिक और समाज के लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन समिति की ओर से सभी आगंतुकों का आभार प्रकट करते हुए किया गया।

 

Uma Shankar Kukreti