देश का प्रतिनिधित्व करने दुबई रवाना हुए मेयर दीपक बाली
काशीपुर। काशीपुर नगर निगम के मेयर दीपक बाली रविवार को दुबई के लिए रवाना हुए, जहां वे 2025 एशिया पैसिफिक सिटीज समिट (APCS) एंड मेयर्स फोरम में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह वैश्विक सम्मेलन 27 से 29 अक्टूबर तक एक्सपो सिटी दुबई में आयोजित होगा।
सम्मेलन में 150 से अधिक मेयर, 300 से अधिक शहरों के प्रतिनिधि और दुनिया भर से हजारों शहरी विशेषज्ञ शामिल होंगे। यह पहली बार है जब इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी मध्य पूर्व, अफ्रीका और दक्षिण एशिया क्षेत्र—यानी दुबई—में हो रही है। आयोजन की थीम है — “Collaborate. Inspire. Transform.” जिसके तहत “Centres of Connection”, “Centres of Solutions” और “Centres of Resilience” जैसे उप-विषयों पर चर्चा होगी, जिसमें शहरी नवाचार, डिजिटल गवर्नेंस, जलवायु-प्रतिरोधी शहर और नागरिक भागीदारी प्रमुख विषय रहेंगे।ब्रिसबेन सिटी काउंसिल की पहल पर शुरू हुआ यह सम्मेलन 1996 से शहरों और व्यावसायिक नेताओं को जोड़ने का एक प्रमुख वैश्विक मंच बन चुका है। अब तक 600 से अधिक शहर इसमें शामिल हो चुके हैं। इस वर्ष भारत से मात्र 11 मेयरों को निमंत्रण मिला है, जिनमें से एक काशीपुर के मेयर दीपक बाली हैं।मेयर बाली ने कहा कि इस मंच का उद्देश्य है—दुनिया के सफल शहरों के अनुभवों से प्रेरणा लेकर काशीपुर के विकास मॉडल को और सशक्त बनाना। वे सम्मेलन के दौरान विभिन्न देशों के मेयरों और नीति-निर्माताओं से मुलाकात कर शहर के लिए नई तकनीक और योजनाएं लाने पर फोकस करेंगे। उन्होंने कहा कि “काशीपुर को एक स्वच्छ, सुरक्षित और स्मार्ट सिटी बनाना मेरी प्राथमिकता है, और इस सम्मेलन से उसके लिए वैश्विक दृष्टि और दिशा दोनों मिलेंगी।”
