Uttarakhandऋषिकेशदेहरादून

ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध बहुमंज़िला निर्माणों पर एम.डी.डी.ए. की बड़ी कार्यवाही

आधा दर्जन से अधिक व्यवसायिक एवं आवासीय भवनों पर सीलिंग की कार्रवाई

देहरादून, 10 अक्टूबर 2025 —
देहरादून जनपद के सुनियोजित विकास और भवन निर्माण मानकों के सख्त अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एम.डी.डी.ए.) द्वारा अवैध निर्माणों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज ऋषिकेश क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई, जिसके तहत बिना स्वीकृति के किए जा रहे बहुमंज़िला व्यवसायिक एवं आवासीय निर्माणों को नियमानुसार सील किया गया।

यह कार्रवाई उन निर्माणकर्ताओं पर केंद्रित रही जिन्होंने एम.डी.डी.ए. की अनुमति प्राप्त किए बिना निर्माण कार्य प्रारंभ किया था। प्राधिकरण का यह कदम शहर में अवैध निर्माणों की बढ़ती प्रवृत्ति पर रोक लगाने और क्षेत्र के सुनियोजित विकास की दिशा में एक ठोस पहल है।

प्राधिकरण की संयुक्त प्रवर्तन टीम ने स्थानीय पुलिस बल की उपस्थिति में निम्न स्थानों पर सीलिंग कार्रवाई की:
तुलसी देवी (विपरीत पोस्ट ऑफिस, बनखण्डी, ऋषिकेश),
हरजीत सिंह (साईं विहार कॉलोनी, निकट सब्ज़ी मंडी),
जयराम सेमवाल, लालमणी भट्ट, रवी गुप्ता, विक्रम सिंह बिष्ट, प्रमोद सेमवाल (सभी आमबाग क्षेत्र, विस्थापित कॉलोनी),
जय चौहान, सगुन शर्मा (निर्मल बाग क्षेत्र, ब्लॉक-‘बी’, विस्थापित),
तथा प्रमोद चौहान (विपरीत गंगा फार्मेसी, निकट इंडियन ऑयल पंप, स्यामपुर, ऋषिकेश)।

इस अभियान में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण की संयुक्त प्रवर्तन टीम तथा स्थानीय पुलिस बल की सक्रिय भागीदारी रही।


सचिव, मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण का बयान

प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि —

“प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण सहन नहीं किया जाएगा। आमजन से अपेक्षा है कि वे भवन निर्माण से पूर्व एम.डी.डी.ए. से नियमानुसार स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें। अवैध निर्माण करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।”


उपाध्यक्ष, मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण का बयान

प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा —

“ऋषिकेश सहित पूरे प्राधिकरण क्षेत्र में नियमविरुद्ध निर्माणों की पहचान कर उन्हें हटाने का अभियान जारी है। भविष्य में ऐसे मामलों में और अधिक सख्त कार्यवाही की जाएगी। प्राधिकरण शहर के सुनियोजित एवं सुरक्षित विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।”


Uma Shankar Kukreti