Uttarakhand

मंत्री गणेश जोशी ने विकास कार्यो की समीक्षा,प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी का एक दिन का वेतन काटने के दिए आदेश

रुद्रपुर। कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण एवं ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी

Shubham Mishra
Shubham Mishra

 

रुद्रपुर। कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण एवं ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। एपीजे सभागार में हुई इस बैठक में मंत्री ने विभागीय कार्यों की प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।बैठक में उद्यान, अमृत सरोवर, जल संस्थान सहित अन्य विभागों की भी कार्य प्रगति पर चर्चा हुई।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक शिव अरोरा, तिलक राज बेहड़, मेयर विकास शर्मा, दर्जा राज्यमंत्री उत्तम दत्ता, भाजपा जिला महामंत्री अमित नारंग, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, परियोजना निदेशक डीआरडीए हिमांशु जोशी, डीडीओ सुशील मोहन डोभाल, डीएसटीओ नफील जमील समेत समस्त जिला स्तरीय अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सड़क और निर्माण कार्यों पर सख्ती

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने अधिशासी अभियंता को काशीपुर आरओबी का कार्य तेजी से पूर्ण कराने और महाराणा प्रताप चौक से रामनगर मार्ग सहित सभी जर्जर सड़कों की मरम्मत मानसून के बाद तत्काल कराए जाने को कहा। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को एनएच और लोनिवि के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए ताकि किसी स्तर पर लापरवाही न हो।

विद्युत व जल संस्थान पर निर्देश

विद्युत विभाग को उन्होंने विशेष रूप से स्कूलों के आसपास लटकती तारों को तुरंत दुरुस्त करने के आदेश दिए। वहीं जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए पेयजल निगम के अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया कि पाइपलाइन बिछाने और सड़क संबंधी समस्याओं का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करें। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि ठेकेदारों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अनुपस्थित अधिकारी का वेतन काटने के निर्देश

बैठक में अनुपस्थित रहने पर मंत्री ने प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद तिवारी का एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए। उन्होंने मनरेगा के तहत समय पर भुगतान करने के निर्देश भी मुख्य विकास अधिकारी को दिए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा में मंत्री ने मानसून में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत शीघ्र शुरू करने व कार्यों की वीडियोग्राफी कराने को कहा।

 

Shubham Mishra