देहरादून

क्लेमेंटटाउन से चकराता रोड शिफ्ट होंगे ग्राफिक एरा के अधिकांश कोर्स, अक्टूबर से शुरू होगी प्रक्रिया

अतिक्रमण और बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों के चलते बढ़ी चुनौतियां, मेडिकल कॉलेज के पास विकसित होगा नया कैंपस; दो वर्षों में पूर्ण होगी शिफ्टिंग

देहरादून। राजधानी देहरादून के क्लेमेंट टाउन क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण, यातायात दबाव और निरंतर बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों के बीच ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय के अधिकांश शैक्षणिक कार्यक्रम अब चकराता रोड स्थित मेडिकल कॉलेज के समीप विकसित किए जा रहे नए परिसर में स्थानांतरित किए जाएंगे। यह शिफ्टिंग प्रक्रिया अक्टूबर 2026 से चरणबद्ध रूप में प्रारंभ होगी और इसे लगभग दो वर्षों के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला के अनुसार, क्लेमेंट टाउन स्थित वर्तमान परिसर को भविष्य में मुख्य रूप से आवासीय परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां मुख्यतः हॉस्टल में निवास करने वाले छात्र-छात्राएं रहेंगे, जबकि अधिकांश शैक्षणिक गतिविधियां नए परिसर से संचालित होंगी।

अक्टूबर से शुरू होगा पहला चरण

शिफ्टिंग के पहले चरण में नर्सिंग, फार्मेसी और पैरामेडिकल से संबंधित पाठ्यक्रमों को मेडिकल कॉलेज के पास विकसित किए जा रहे नए परिसर में स्थानांतरित किया जाएगा। नए परिसर में विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक कक्षाओं के साथ अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, हॉस्टल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह प्रक्रिया एक साथ नहीं, बल्कि चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

अतिक्रमण और ट्रैफिक बना प्रमुख कारण

क्लेमेंट टाउन क्षेत्र में लंबे समय से बढ़ता अतिक्रमण और आवासीय क्षेत्रों में बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियां गंभीर समस्या का रूप ले चुकी हैं। अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

इसका प्रभाव न केवल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और कर्मचारियों पर पड़ रहा है, बल्कि क्षेत्र से गुजरने वाले सेना एवं वायुसेना के वाहनों, पर्यटकों तथा आम नागरिकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया है कि सेना के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भी इस मुद्दे पर कई बार उच्च स्तर पर चिंता व्यक्त की गई है।

कमेटी गठित, लेकिन समाधान सीमित

इस समस्या के समाधान हेतु जिला प्रशासन, पुलिस, संबंधित प्राधिकरण और नगर निगम सहित विभिन्न विभागों की एक संयुक्त कमेटी गठित की गई थी। हालांकि, अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी।

इसी स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन ने मौजूदा परिस्थितियों का आकलन करते हुए अपने स्तर पर यह निर्णय लिया है कि अधिकांश शैक्षणिक गतिविधियों को क्लेमेंट टाउन से स्थानांतरित किया जाएगा।

क्लेमेंट टाउन परिसर का बदलेगा स्वरूप

शिफ्टिंग पूर्ण होने के बाद क्लेमेंट टाउन स्थित ग्राफिक एरा परिसर का स्वरूप भी परिवर्तित हो जाएगा। यहां मुख्य रूप से आवासीय सुविधाओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जबकि नियमित शैक्षणिक गतिविधियां नए परिसर से संचालित होंगी।

विश्वविद्यालय प्रबंधन का मानना है कि इस निर्णय से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, साथ ही क्लेमेंट टाउन क्षेत्र में यातायात और व्यावसायिक गतिविधियों के कारण उत्पन्न दबाव को कम करने में भी सहायता मिलेगी।