गदरपुर में सेवा पखवाड़े के अंतर्गत बहुउद्देश्यीय शिविर, 1123 लाभार्थी हुए लाभान्वित
गदरपुर। सेवा पर्व पखवाड़े के अंतर्गत शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर में भव्य बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक अरविंद पांडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के ब्लॉक एवं जिला स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागीय स्टॉल लगाकर उपस्थित जनता को योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
शिविर में कुल 1123 लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 16 दिव्यांग जनों को विकलांग प्रमाणपत्र उपलब्ध कराए गए। वहीं 88 गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क जांच की गई। इसके अतिरिक्त 178 मरीजों का टी.बी. परीक्षण तथा 135 लोगों की आंखों की जांच वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा की गई।शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए जिला मुख्यालय रुद्रपुर से विशेष स्वास्थ्य टीम भी भेजी गई थी। जनहित में आयोजित इस बहुउद्देश्यीय शिविर को लेकर स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखा गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने पहुंचे।
