नंदा देवी राजजात यात्रा तैयारियों की समीक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री
यात्रा मार्गों पर ठहरने, भोजन, शौचालय व पार्किंग की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
नंदा देवी राजजात यात्रा को मिलेगा सांस्कृतिक रंग, मार्ग पर उकेरे जाएंगे लोक गीतों व कथाओं पर आधारित चित्र
मुख्यमंत्री ने कहा – यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था और लोक परंपराओं का प्रतीक है
देहरादून,
नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों को लेकर आज शासकीय आवास पर पुनः समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
बैठक में कहा गया कि पिछली यात्राओं के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस बार यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।
यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पार्किंग स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि यातायात सुगम रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि –
“नंदा देवी राजजात केवल एक धार्मिक यात्रा ही नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और लोक परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। सरकार का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सहज यात्रा अनुभव उपलब्ध हो।”
यात्रा के सांस्कृतिक महत्व को और अधिक जीवंत बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नंदा देवी राजजात से संबंधित लोक गीतों एवं लोक कथाओं पर आधारित चित्रों को यात्रा मार्ग पर पेंटिंग के रूप में उकेरा जाए। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा –
“यात्रा मार्गों पर उकेरे जाने वाले लोक कला चित्र श्रद्धालुओं और पर्यटकों को हमारी अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर से अवगत कराएंगे।”
