Uttarakhand

ट्रांजिट कैंप में बनेगा अगला वेंडिंग जोन, महापौर ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

रुद्रपुर। शहर में बढ़ते यातायात जाम और अव्यवस्थाओं को खत्म करने की दिशा में महापौर विकास शर्मा ने अब ट्रांजिट कैंप क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित किया है। दीपावली पर्व से पहले क्षेत्र की समग्र व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से उन्होंने गुरुवार को चामुंडा मंदिर परिसर में बैठक कर अधिकारियों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद किया। बैठक में पुलिस विभाग, नगर निगम अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी और लघु व्यापारी उपस्थित रहे।

महापौर ने कहा कि रुद्रपुर के हर क्षेत्र को सुंदर और व्यवस्थित बनाना उनका लक्ष्य है। मुख्य बाजार के बाद सबसे अधिक ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था ट्रांजिट कैंप में देखने को मिलती है, इसलिए यहां एक नया वेंडिंग जोन विकसित करने का कार्य शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से रुद्रपुर में चार नए वेंडिंग जोन की मंजूरी मिल चुकी है। नैनीताल रोड के बाद अब ट्रांजिट कैंप दूसरा स्थान होगा जहां वेंडिंग जोन की स्थापना की जाएगी। इससे क्षेत्र की जाम समस्या से राहत मिलेगी और सड़क किनारे कारोबार करने वाले छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान मिलेगा।बैठक के दौरान महापौर ने ट्रांजिट कैंप में 1.70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ‘रजत जयंती पार्क’ की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्क निर्माण हेतु शासन से स्वीकृति मिल चुकी है और इसका ड्राफ्ट तैयार किया जा रहा है। साथ ही चामुंडा मंदिर परिसर में हॉल के लेंटर, मंदिर सौंदर्यीकरण, टाइल्स रोड व स्ट्रीट लाइट लगाने की भी घोषणा की।महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम अब केवल सड़कों और नालियों तक सीमित नहीं है। निगम द्वारा अब राशन कार्ड व आधार संशोधन से लेकर समाज कल्याण योजनाओं तथा चिकित्सा सेवाओं तक जनसेवा दी जा रही है। वर्तमान में एक आयुष्मान आरोग्य केंद्र संचालित है और सात नए केंद्र जल्द शुरू किए जाएंगे।निरीक्षण के दौरान महापौर ने ट्रांजिट कैंप की प्रमुख सड़कों पर पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को अतिक्रमण रोकने के निर्देश दिए और कहा कि सड़कों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापारियों से भी उन्होंने सहयोग की अपील की कि वे न स्वयं अतिक्रमण करें और न ही दूसरों को इसकी अनुमति दें।बैठक में उप नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे, कोतवाल मोहन पांडे, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, धीरेश गुप्ता, दिलीप अधिकारी, संजीव शर्मा, सचिन गुप्ता, मनोज गुप्ता, जे.के. गंगवार, वरुण मुंजाल, मदन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Shubham Mishra